भाकियू ने घेरा थाना, धरना देकर किया हंगामा

मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा थाने का घेराव करते हुए बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बेहड़ा थ्रू गांव के रहने वाले भाकियू नेताओं पुष्पेंद्र और बिट्टू के घर पर पुलिस द्वारा की गई दबिश के विरोध में संगठन के जिलाध्यक्ष नवीन राठी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।

धरना स्थल पर वक्ताओं ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की और कहा कि प्रशासन जानबूझकर संगठन से जुड़े लोगों को निशाना बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सच को दबाने की कोशिश कर रही है और बेवजह कार्यकर्ताओं के घरों में दबिश डाल रही है, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। विरोध बढ़ता देख पुलिस प्रशासन ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुला लिया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक धरना शांतिपूर्ण ढंग से जारी था और किसी प्रकार की झड़प या अप्रिय घटना की सूचना नहीं थी। भाकियू ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस द्वारा की गई दबिश की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को जिला स्तर से प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा। फिलहाल पुलिस-प्रशासन और संगठन के लोगों के बीच बातचीत की कोशिशें जारी हैं।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में 12वीं में जिया जैन और 10वीं में आरव शर्मा ने किया टॉप
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *