मामूली विवाद में पिता-पुत्र ने बुजुर्ग किसान को पीट-पीटकर की थी हत्या, गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी रणवीर को हिरासत में लिया था
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में बुजुर्ग किसान वीरेंद्र शर्मा की हत्या के मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा शुक्रवार को पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार के समर्थन में धरने पर बैठे राकेश शर्मा ने मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत कर निष्पक्ष जांच और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
राकेश शर्मा ने कहा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति की इस प्रकार पीट-पीटकर हत्या किया जाना बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए और पुलिस को निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

उल्लेखनीय है कि भोपा क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी वीरेंद्र शर्मा गांव के शिव मंदिर में रहते थे। गत दिवस वह मंदिर के लिए सहयोग राशि मांगने गांव के ही रणवीर के घर पहुंचे थे। आरोप है कि रुपये देने को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद रणवीर और उसके बेटे नितिन ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र शर्मा को पहले भोपा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मृतक के पुत्र अरुण शर्मा ने पिता-पुत्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी रणवीर को हिरासत में लिया था। वहीं पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। पीड़ित परिवार का कहना है कि बुजुर्ग की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने की मांग की।






