Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में आज मौसम दिखाएगा तेवर, 7 जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में आज मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। मौसम केंद्र देहरादून ने 12 जून के लिए प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि, तेज बारिश और झोंकेदार हवाओं की चेतावनी जारी की है। पहाड़ों में सफर करने वाले लोगों और चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से खास सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं तेज से अति तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

इसे भी पढ़ें:  सोमवती अमावस्या पर जम्मू से हरिद्वार के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन

इसके अलावा पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, राज्य के बाकी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में मैदानी से लेकर पर्वतीय इलाकों तक लोगों को मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा या जरूरी काम के लिए बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग पर भूस्खलन, रातभर चला रेस्क्यू अभियान, फंसे हजारों श्रद्धालु निकाले

पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा

मौसम विभाग ने चेताया है कि तेज बारिश के कारण संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। इससे सड़कें, लिंक रोड और हाईवे प्रभावित हो सकते हैं। चारधाम यात्रा या पहाड़ी मार्गों पर सफर कर रहे यात्रियों को ढलानों, भूस्खलन प्रभावित इलाकों और नदी-नालों के पास अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।

निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जबकि छोटे नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका है। ओलावृष्टि से खुले में खड़े वाहनों, बागवानी और फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

इसे भी पढ़ें:  स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव फिर उजागर भाजपा नेत्री बचना शर्मा ने उठाई ‌ स्थायी डॉक्टरों की मांग

बिजली चमके तो पेड़ के नीचे न लें शरण

मौसम विभाग की एडवाइजरी में कहा गया है कि गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान लोग घरों या पक्के भवनों के अंदर रहें। खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें। बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूरी बनाए रखें और किसी भी हालत में पेड़ के नीचे शरण न लें। पशुओं को भी खुले स्थानों पर न बांधने की सलाह दी गई है।

Share This Article