स्थानांतरण पर तीन डीएसपी को भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट कार्यों को किया याद

मुजफ्फरनगर पुलिस परिवार ने सम्मान समारोह में दी शुभकामनाएं, नए दायित्वों के सफल निर्वहन की कामना

मुजफ्फरनगर। जनपद में सेवाएं दे रहे तीन पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में आयोजित विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों ने भावभीनी विदाई दी। समारोह के दौरान अधिकारियों के कार्यकाल में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों में सफलता की कामना की गई।

क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर का सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत बाजपेई का पुलिस उपाधीक्षक शाहजहांपुर तथा क्षेत्राधिकारी फुगाना यतेन्द्र सिंह नागर का सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा के पद पर स्थानांतरण होने पर 12 जून 2026 की रात्रि में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने तीनों अधिकारियों को पुष्पमाला पहनाकर, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तीनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण तथा जनसामान्य की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने नवीन तैनाती स्थल पर भी उत्कृष्ट सेवाएं देने की अपेक्षा व्यक्त की।

इसे भी पढ़ें:  विकास बालियान के निर्देशन में जानसठ-मंसूरपुर में शूटिंग शुरू

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए तीनों अधिकारियों के कार्य व्यवहार, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की। सभी ने उन्हें पुष्पमालाएं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डॉ. नीलम राय, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन मौजूद रहे। समारोह का वातावरण भावुकता और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा, जहां उपस्थित लोगों ने तीनों अधिकारियों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।

इसे भी पढ़ें:  संतों के जीवन पर बन रही फिल्म सनातन ज्ञान और भक्ति का संदेशः ममता अग्रवाल
Share This Article