पानी में उतरकर प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण, जल निकासी सुधारने के लिए अधिकारियों को फुलप्रूफ प्लान तैयार करने के निर्देश
मुजफ्फरनगर। लगातार बारिश से शहर में बनी जलभराव की स्थिति के बीच नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने गुरुवार को जमीनी हकीकत जानने के लिए खुद मोर्चा संभाला। भारी बारिश के दौरान ही वह सभासदों और पालिका अधिकारियों के साथ शहर भ्रमण पर निकलीं और जलभराव प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। कई स्थानों पर पानी के बीच उतरकर उन्होंने स्थिति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जल निकासी प्रभावित होने के बाद पालिका अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर नालों, जल निकासी मार्गों और जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति को करीब से परखा। उन्होंने उत्तरी रामपुरी, दक्षिणी रामपुरी, शाहबुद्दीनपुर रोड, रुड़की रोड, शिव चैक, भगत सिंह रोड, एसडी मार्केट सहित कई प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर जलभराव की वास्तविक समस्याओं की जानकारी ली और क्षेत्रवार समाधान की दिशा में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने क्षेत्रीय सभासदों, स्थानीय जिम्मेदार नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया। उन्होंने समस्याग्रस्त क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए कहा कि बारिश के दौरान सामने आने वाली जल निकासी की चुनौतियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। पालिका प्रशासन का लक्ष्य शहर को जलभराव की समस्या से स्थायी रूप से राहत दिलाना है।
मीनाक्षी स्वरूप ने मौके से ही नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, सहायक अभियंता निर्माण नैपाल सिंह और सहायक अभियंता जलकल अनुज कुमार को निर्देश दिए कि सभी जलभराव वाले क्षेत्रों का तकनीकी सर्वे कर जल निकासी का प्रभावी और स्थायी प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी समाधान के बजाय ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे भविष्य में भारी बारिश के दौरान भी शहरवासियों को जलभराव की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में वर्तमान में जलभराव की समस्या बनी हुई है, वहां अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती कर पानी निकासी का कार्य तेजी से कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जनता का हित सर्वोपरि है।

पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के विकास, बेहतर बुनियादी सुविधाओं और आधुनिक नगर व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी दिशा में मुजफ्फरनगर को बेहतर सुविधाओं वाला शहर बनाने के लिए नगरपालिका परिषद लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना प्राथमिकताओं में शामिल है। आने वाले समय में बड़े प्रोजेक्ट और योजनाबद्ध कार्यों के माध्यम से जलभराव की समस्या को कम करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए पालिका प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। पालिका अध्यक्ष के साथ निरीक्षण के दौरान सभासद रजत धीमान, सभासद मनोज वर्मा, भाजपा नेता विकल्प जैन, पूर्व सभासद आशुतोष गुप्ता सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता और पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।
