पीपलशाह में जलभराव से ग्रामीण बेहाल, पानी में खड़े होकर भाकियू नेता ने किया प्रदर्शन

विकास शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों का विरोध, अधिकारियों के पहुंचने के बाद शुरू हुई जल निकासी, मिला आश्वासन

मुजफ्फरनगर। लगातार हो रही बारिश ने जिले के कई गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्राम पीपलशाह में जल निकासी की व्यवस्था न होने से हालात बाढ़ जैसे बन गए हैं। बारिश का पानी ग्रामीणों के घरों में घुस गया, पशुओं के ठिकाने जलमग्न हो गए और लोगों को अपने अनाज व घरेलू सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने भारतीय किसान यूनियन के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य पति विकास शर्मा के नेतृत्व में पानी के बीच खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-गरीब ई-रिक्शा वालों से हर दिन हुई 26 हजार से ज्यादा की वसूली

ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पहली ही तेज बारिश में गांव की स्थिति खराब हो गई और घरों तक पानी पहुंच गया। कई मकानों में नमी के कारण दरारें आने लगी हैं, जबकि जलभराव के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है। भाकियू नेता विकास शर्मा ने कहा कि गांव पीपलशाह में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि रास्ते के निर्माण से पहले जल निकासी के लिए पाइपलाइन डालने की मांग की गई थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। जिसका परिणाम अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

इसे भी पढ़ें:  इंडिगो फ्लाइट संकट पर भड़के राकेश टिकैत, कहा-यह मोदी सरकार की निजीकरण नीति की देन

उन्होंने बताया कि घरों में पानी भरने से ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। जहां लोग खाना बनाते हैं, वहां भी पानी भरा हुआ है। पशुओं के नीचे रखा भूसा भी पानी में बह गया है। मजबूरी में ग्रामीण अपने अनाज और जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं। विकास शर्मा ने चेतावनी दी कि जब तक जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों के साथ वह पानी में ही डटे रहेंगे।

इसे भी पढ़ें:  KANWAD YATRA-बोल बम के शोर में अब हर कोई हुआ गुम

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार चैधरी, एडीओ पंचायत, ग्राम सचिव सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद तत्काल राहत के लिए दो डीजल पंप लगाकर पानी की निकासी शुरू कराई गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही पाइपलाइन बिछाकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाएगी, जिससे भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई शुरू होने के बाद राहत महसूस की, लेकिन उन्होंने स्थायी समाधान होने तक समस्या पर नजर बनाए रखने की बात कही।

Share This Article