मुजफ्फरनगर में रालोद नेता के बेटे पर धोखाधड़ी का आरोप

पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसएसपी से की इंसाफ दिलाने की मांग

50 लाख 29 हजार रुपये में तय हुआ था भूमि का सौदा, केवल 10 लाख रुपये ही दिए गए। शेष राशि अब तक नहीं मिली

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में जमीन के एक सौदे को लेकर विवाद सामने आया है। थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी एक परिवार ने राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के एक नेता के बेटे पर धोखाधड़ी कर कृषि भूमि का बैनामा कराने और तय रकम का भुगतान न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR--शहर के विकास को साथ आये पालिका और प्राधिकरण

पीड़ित हिमांशु चैधरी पुत्र नैपाल सिंह निवासी बहादुरपुर द्वारा गुरुवार को एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि गांव स्थित उनकी करीब तीन बीघा कृषि भूमि का बैनामा 7 जुलाई 2026 को किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भूमि का सौदा संजू मलिक और प्रिंस उर्फ टैटू के साथ 50 लाख 29 हजार रुपये में तय हुआ था, लेकिन उन्हें केवल 10 लाख रुपये ही दिए गए। शेष राशि बाद में खाते में भेजने का आश्वासन दिया गया, जो अब तक नहीं मिली।

इसे भी पढ़ें:  पकड़ा, पीटा और उठाकर पटक दिया-दो अधिवक्ता भाइयों के खिलाफ मुकदमा

पीड़ित का आरोप है कि बैनामे की प्रक्रिया के दौरान उनसे कुछ बैंक संबंधी दस्तावेजों पर भी हस्ताक्षर कराए गए। बाद में उनके खाते से 3.50 लाख रुपये संजू मलिक ने अपनी माता के बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए, जिसकी जानकारी उसको बाद में मिली। शिकायत में बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई गई है। हिमांशु चैधरी का कहना है कि जब उन्होंने बकाया भुगतान की मांग की तो उन्हें कथित रूप से धमकाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ सुनियोजित तरीके से आर्थिक धोखाधड़ी की गई और उनकी जमीन का बैनामा करा लिया गया। पीड़ित परिवार ने यह भी दावा किया है कि मामले में आरोपित व्यक्ति एक रालोद नेता का बेटा है। इसी कारण उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  बदायूं डबल मर्डर: 'कातिल' की 6 दुकानों पर चलेगा बुलडोजर, शस्त्र लाइसेंस किए जाएंगे निरस्त
Share This Article