बुढ़ाना के में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा

घटना के बाद लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए

निजी अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप, अस्पताल को सील करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे के एक निजी अस्पताल में शनिवार देर रात प्रसव के दौरान महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, तबस्सुम पत्नी अजमल को प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार देर रात परिजनों ने बुढ़ाना स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया। उनका कहना है कि चिकित्सकीय लापरवाही के कारण पहले नवजात शिशु की मौत हुई और कुछ देर बाद महिला ने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

इसे भी पढ़ें:  मानक के खिलाफ मिला खोया और रसगुल्ला, 90 हजार का खाद्य पदार्थ नष्ट

स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित अस्पताल पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्व में इस अस्पताल पर कार्रवाई करते हुए इसे सील भी किया गया था। इसके बावजूद अस्पताल का नाम बदलकर दोबारा संचालन शुरू कर दिया जाता है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है, जिससे नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पताल बेखौफ होकर संचालित होते रहते हैं।

इसे भी पढ़ें:  खतौली अवैध पशु परिवहन का भंडाफोड़, 7 पशु बरामद

घटना के बाद लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विभाग की कथित लापरवाही के चलते बुढ़ाना क्षेत्र में बिना मानकों के कई निजी अस्पताल और कथित झोलाछाप चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। क्षेत्रवासियों का दावा है कि इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों और स्वास्थ्य मंत्री तक शिकायतें भेजी जा चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है।

मृतका के परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा अस्पताल को स्थायी रूप से सीज किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर प्रभावी कार्रवाई होती तो इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती। क्षेत्र के लोगों ने भी अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की मांग उठाई है। बुढ़ाना कस्बा चैकी प्रभारी ललित कसाना ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  दुकान से फूड सप्लीमेंट चोरी, आरोपी फरार
Share This Article