कलेक्ट्रेट पहुंचकर छात्राओं ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव को बांधा रक्षा सूत्र
मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन के अवसर पर एमजी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने मंगलवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पारंपरिक उत्साह और भाई-बहन के स्नेह की भावना के साथ पर्व मनाया। विद्यालय के छात्र-छात्राएं शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें रक्षाबंधन की बधाई दी। इस दौरान छात्राओं ने जिलाधिकारी को रक्षा सूत्र बांधकर इस पवित्र त्यौहार की परंपरा को समर्पित प्रेम भाव का संदेश दिया।

एम.जी. पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने बताया कि रक्षाबंधन के पर्व के उपलक्ष में विद्यालय के बच्चों ने आज प्रशासनिक अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ पर्व मनाकर उत्साह का अनुभव किया। छात्राओं ने रक्षा सूत्र बांधते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की कामना की। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को स्नेह और आशीर्वाद देते हुए रक्षाबंधन के महत्व को समझाया।
इसके बाद एमजी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव के कार्यालय पहुंचे। यहां छात्राओं ने उन्हें भी रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही गुप्ता नर्सिंग पहुंचे बच्चों ने वरिष्ठ सर्जन डॉ. मनीष अग्रवाल को भी रक्षाबंधन पर राखी बांधकर स्नेह पाया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने इस अवसर पर अपने संदेश में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सम्मान, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाना उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा। ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ समाज में आपसी सम्मान और स्नेह की भावना को भी मजबूत करते हैं। विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के पारंपरिक स्वरूप को जीवंत करते हुए प्रेम, सम्मान और सुरक्षा के बंधन का संदेश दिया।
