छपार दुष्कर्म कांडः रात एक बजे तक पीड़ितों के साथ रहे मंत्री कपिल देव

गांव पहुंचकर किशोरी के परिजनों को दिलाया न्याय का भरोसा, कहा-कोई भी दोषी बख्शा नहीं जायेगा

मुजफ्फरनगर। थाना छपार क्षेत्र के ग्राम छपरा में एक नाबालिग बालिका के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के बाद शासन-प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शनिवार देर रात प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, भाजपा नेता विपुल त्यागी के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। मंत्री ने ग्रामीणों और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता तथा त्वरित न्याय का भरोसा दिलाया। वो अफसरों को निर्देश देने के साथ ही रात एक बजे तक पीड़ित परिजनों के साथ रहे। गांव से अस्पताल तक कार्यवाही की निगरानी की और कहा कि कोई भी दोषी नहीं बचेगा।

छपार थाना क्षेत्र के गांव छपरा निवासी एक किशोरी को गैर सम्प्रदाय के युवक द्वारा बहला फुसलाकर अपने पास बुलाया गया और फिर घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी आरोपी के घर से ही बरामद की गई। घटना की सूचना मिलते ही मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आधी रात गांव पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की और एसएसपी, एसपी सिटी और सीओ सदर से स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही त्वरित कार्यवाही करने के लिए कहा। उन्होंने छपार थाना प्रभारी मोहित कुमार सहरावत को आधी रात में ही मौके पर बुलाकर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़ें:  सहारनपुर पीआरवी वाहन शुभारम्भ, 11 स्कार्पियों शामिल

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़िता को देर रात ही मेडिकल परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेजा। मंत्री कपिल देव अग्रवाल स्वयं भी रात करीब एक बजे महिला अस्पताल पहुंचे, जहाँ उन्होंने ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय नागरिकों से वार्ता कर प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री कपिल देव कहा कि घटना अत्यंत दुःखद एवं निंदनीय है। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हम पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि किशोरी के पिता ने 5 सितंबर को थाने में तहरीर दी थी। पीड़ित पिता के अनुसार, 4 और 5 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 12 बजे उनकी बेटी घर से गायब मिली थी। तलाश करने पर घर के मोबाइल में मिले नंबर के आधार पर जांच शुरू की गई, जो समीर पुत्र जनाब का निकला। आरोप है कि समीर ने किशोरी को फोन कर बुलाया और जबरन अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने भी अपने बयानों में आरोपी पर बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-देवी अहिल्याबाई की 299वीं जयंती धूमधाम से मनाई
Share This Article