शिक्षकों को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

खतौली। जवाहरलाल नेहरू स्मृति इंटर कॉलेज रवापुरी सठेड़ी में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान प्रतीक देकर सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होता है। वह विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि विभिन्न शिक्षणेत्तर गतिविधियों के माध्यम से उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास भी करता है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिक्षकों का आह्वान किया कि प्रधानाचार्य द्वारा उन्हें जो भी दायित्व सौंपा जाए, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। समारोह के दौरान विद्यालय की अंग्रेजी शिक्षिका पदमा रानी, डॉ. मनुराधा, विज्ञान शिक्षक रविंद्र शर्मा, अंग्रेजी एवं गणित अध्यापक नीरज कुमार तथा दीपक कपिल को प्रमाण पत्र और सम्मान प्रतीक देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक सचिन आर्य ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि सम्मान मिलने के बाद शिक्षकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में पहले से अधिक परिश्रम, लगन और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-खेत में घास काट रही महिला से बाइक सवारों ने की लूट

प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रमोहन शर्मा ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके सुनहरे सपनों का एक नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में शिक्षकों को ब्लैक बोर्ड के साथ-साथ क्लिक की भाषा भी विद्यार्थियों को सिखानी होगी और स्क्रीन पर ज्ञान के साथ संस्कार देने का कार्य भी करना होगा। इस अवसर पर जिला कोऑर्डिनेटर आशीष द्विवेदी, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहपुर के प्रधानाचार्य डॉ. त्रिवेंद्र, वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र त्यागी सहित विक्रांत मानव, मीनाक्षी, कुलदीप कुमार, राज सिंह, डॉ. बालेश, गीता कुमारी, सतीश चंद्र पांडे, धर्मेंद्र मलिक, वीरेश लाल, तीर्थराज, चिंकी कुमारी, शिखा देवी, सुमित कुमार, विक्रांत चौधरी, सोनिया देवी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

इसे भी पढ़ें:  कुल्हेडी हत्याकांडः दो हत्यारोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
Share This Article