भाजपा खेमे के सभासदों की शिकायत के बाद पालिका प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई, ठेकेदार से चार दिन के मैदान उपयोग की होगी आर्थिक वसूली
मुजफ्फरनगर। शहर के व्यस्त क्षेत्र में नगरपालिका परिषद् के मुख्यरालय की पहचान टाउनहाल परिसर में अनुमति मिलने से पहले ही अवैध रूप से मेला लगाने का मामला सामने आने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। स्वतंत्रता दिवस और तीज महोत्सव के लिए प्रस्तावित मेले के आवेदन को पालिका ने निरस्त कर दिया है। प्रशासन ने मेला ठेकेदार को मैदान से लगाए गए झूले और अन्य सामान तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अनुमति से पहले 14 अगस्त से चार दिनों तक मैदान के अवैध रूप से उपयोग के चलते ठेकेदार से नियमानुसार आर्थिक वसूली किए जाने का आदेश भी दिया है।
मामला नगर पालिका परिषद के टाउनहाल मैदान स्थित पार्किंग स्थल से जुड़ा है। इस मैदान पर कृष्णापुरी निवासी कंवर सैन जैन पुत्र कुलवंत राय जैन ने 15 से 22 अगस्त तक स्वतंत्रता दिवस एवं तीज महोत्सव मेले के आयोजन के लिए नगर मजिस्ट्रेट के समक्ष आवेदन किया था। आवेदन में टाउनहाल के पार्किंग स्थल वाले मैदान को मेले के लिए आवंटित करने का अनुरोध किया गया था। नगर मजिस्ट्रेट की ओर से इस संबंध में पालिका के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था।
तीज के अवसर पर लगने वाले इस मेले के आयोजन की जानकारी सामने आने के बाद नगर पालिका के भाजपा खेमे के सभासदों राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, देवेश कौशिक, कुसुमलता पाल, राखी पंवार, सीमा जैन, रविकांत शर्मा, प्रशांत गौतम और रजत कुमार ने पालिकाध्यक्ष को लिखित शिकायत दी। सभासदों ने मेले की अनुमति नहीं देने और इसे अवैध तथा जनहितों के विपरीत बताते हुए आयोजन को निरस्त करने की मांग की।
सभासदों द्वारा अपनी शिकायत में कहा गया कि टाउनहाल परिसर शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थित है और वहां सीमित स्थान उपलब्ध है। मेले के दौरान बड़ी संख्या में भीड़ जुटने पर दुर्घटना की आशंका बनी रह सकती है। सभासदों ने परिसर की चारदीवारी की जर्जर स्थिति का भी उल्लेख करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उनका कहना था कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर इसकी जिम्मेदारी पालिका प्रशासन पर आ सकती है।
ठेकेदार ने अनुमति से पहले ही लगा दिए बड़े झूले
शिकायत के बाद पालिका के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने मामले में विभागीय रिपोर्ट तलब की। जांच में सामने आया कि पालिका की ओर से ठेकेदार को मेले के आयोजन की अनुमति जारी नहीं की गई थी। हालांकि, मैदान के उपयोग के लिए नियमानुसार धनराशि जमा कराई गई थी और इसकी सूचना नगर मजिस्ट्रेट को भेजी गई थी। पालिका प्रशासन के अनुसार अनुमति प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही 14 अगस्त से मैदान में बड़े झूले और मेले से संबंधित अन्य सामान लगाया जाना शुरू कर दिया गया। इसे नियमों के विपरीत मानते हुए ईओ ने तत्काल कार्रवाई की।
ठेकेदार का आवेदन निरस्त, सामान हटाने के निर्देश
ईओ पवन कुमार ने सोमवार को ठेकेदार कंवर सैन के नाम जारी पत्र में स्पष्ट किया कि 15 से 22 अगस्त तक मेले के आयोजन के लिए प्रस्तुत आवेदन पर पालिका प्रशासन के स्तर से अब कोई विचार नहीं किया जाएगा और मांगी गई स्वीकृति तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाती है। ठेकेदार को मैदान में लगाए गए झूले आदि तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि 14 अगस्त से 17 अगस्त तक चार दिन अवैध रूप से बिना अनुमति ही मैदान का उपयोग किया गया है, इसलिए इस अवधि की धनराशि नियमानुसार ठेकेदार से वसूल की जाएगी। पालिका प्रशासन ने कार्रवाई की जानकारी पालिकाध्यक्ष और नगर मजिस्ट्रेट को भी भेज दी है। मेले के लिए प्रस्तावित मैदान को पार्किंग स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है। ईओ ने पार्किंग ठेकेदार संजय जैन को भी निर्देश दिए हैं कि आवंटित निर्धारित मैदान का उपयोग पार्किंग के लिए ही सुनिश्चित किया जाए। पालिका प्रशासन की कार्रवाई के बाद टाउनहाल परिसर में प्रस्तावित मेले को अवैध ठहराये जाने के बाद राजनीतिक स्तर पर भी हलचल तेज होने की संभावना बन गई है।
स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री कपिल देव ने की थी घोषणा
टाउनहाल के मैदान पर जिन तीज महोत्सव मेले को लेकर भाजपा खेमे के सभासदों की शिकायत पर पालिका ईओ ने ठेकेदार को अनुमति देने से इंकार करते हुए मेला सामान हटाने और जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है, उस मेले का ऐलान 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टाउनहाल पर ध्वजारोहण करने के लिए पहुंचे योगी सरकार में कौशल विकास मंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने अपने सार्वजनिक भाषण में बड़ी शान के साथ की थी और सभी माताओं व बहनों को तीज के अवसर पर झूला झूलने के लिए आमंत्रित भी किया था, उसी दिन शाम को वो स्वयं भी इस मेले में लोगों का उत्साह बढ़ाने के लिए पहुंचे थे और उनके साथ कई भाजपा नेता भी मौजूद थे।
