नाग पंचमी और सावन सोमवार पर शिवमय हुआ मुजफ्फरनगर

नाग देवता की पूजा के लिए डल्लू देवता मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, शिव चौक सहित शिवालयों में जलाभिषेक को लगी लंबी कतारें

मुजफ्फरनगर। सावन मास के उल्लास के बीच सोमवार को जनपद में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। नाग पंचमी और श्रावण मास का तीसरा सोमवार एक ही दिन होने से डल्लू देवता मंदिर से लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने नाग देवता की पूजा-अर्चना के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में दिनभर हर-हर महादेव और ओम नमरू शिवाय के जयघोष गूंजते रहे।

शामली रोड स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध डल्लू देवता मंदिर में नाग पंचमी के अवसर पर सोमवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। श्रद्धालुओं ने नाग देवता को दूध, अक्षत आदि अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-शांति की कामना की। मंदिर में महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नाग पंचमी को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-पांच दिन बाद वार्डों में कूड़ा उठाने पहुंची गाड़ियां

श्रावण मास के तीसरे सोमवार के चलते शहर के शिव चौक के अलावा प्रमुख शिव मंदिरों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शिव चौक सहित विभिन्न मंदिरों में भक्तों ने कतारों में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित कर पूजा-अर्चना की। सुबह से मंदिरों में घंटियों की आवाज और शिवभक्तों के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के भजन और मंत्रों का जाप किया। मंदिर परिसरों में दर्शन और पूजा के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

इसे भी पढ़ें:  कलेक्ट्रेट कर्मियों ने पंजाब बाढ़ राहत के लिए दी एक लाख की राशि

नाग पंचमी और सावन के तीसरे सोमवार का संयोग होने के कारण सोमवार का दिन श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व वाला रहा। एक ओर नाग देवता की पूजा के लिए श्रद्धालु दल्लू देवता मंदिर पहुंचे, वहीं दूसरी ओर शिवभक्तों ने सावन सोमवार का व्रत रखते हुए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। दोनों पर्वों के एक साथ पड़ने से पूरे मुजफ्फरनगर जनपद में सुबह से ही धार्मिक और उत्सवी माहौल बना रहा। शहर से लेकर गांवों तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और देर शाम तक पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। दल्लू देवता मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से दर्शन और सुरक्षा को लेकर विशेष प्रबंध किए गए। भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था बनाए रखी गई। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना कर पर्व मनाया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में 200 फर्जी हॉस्पिटल चलने का दावा, हिंदू युवा वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन
Share This Article