मुआवज़े की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने दिया धरना

रामपुर तिराहे पर बाइक एजेंसी के खिलाफ भाकियू का प्रदर्शन, पीड़ित कर्मचारी को न्याय दिलाने की मांग

मुजफ्फरनगर। किसानों के संगठन भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रामपुर तिराहे पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि बाइक एजेंसी का एक कर्मचारी ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था, लेकिन एजेंसी मालिक द्वारा वादा किए गए मुआवज़े का भुगतान अब तक नहीं किया गया।
रामपुर तिराहे पर स्थित बाला जी बाइक एजेंसी के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह धरना भाकियू युवा जिलाध्यक्ष नरेश पुंडीर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी पर कार्यरत एक कर्मचारी कुछ दिन पूर्व ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद एजेंसी मालिक ने पीड़ित परिवार को मुआवज़ा देने का आश्वासन दिया था, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक न तो मुआवज़ा दिया गया और न ही किसी प्रकार की मदद उपलब्ध कराई गई है।
भाकियू कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि पीड़ित कर्मचारी को शीघ्र न्याय और उचित मुआवज़ा नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि संगठन पीड़ित के हक की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ेगा और जरूरत पड़ी तो बड़े स्तर पर आंदोलन की रणनीति भी अपनाई जाएगी। धरने में शामिल नेताओं ने कहा कि किसान और मजदूर के हक़ पर कोई चोट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान एजेंसी मालिक के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। धरने के चलते मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान युवा जिला उपाध्यक्ष समद चौधरी, दुष्यंत सहरावत, मनोज चौधरी, बबलू प्रधान, मदन ठाकुर, अंकित मलिक, खुशनसीब त्यागी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  चरथावल-घिस्सुखेड़ा नहर टूटने से तबाही, सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल बर्बाद
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *