सहारनपुर । थाना सरसावा पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर वाहन चोरो को गिरफ्तार करने मे सफ़लता प्राप्त की। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे एवं निशांदेही पर चोरी की नौ मोटरसाइकिलें बरामद की ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उपरोक्त घटनाओं के अनावरण व इसमें संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। इसी के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नकुड के निकट पर्यवेक्षण में तथा थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा के कुशल नेतृत्व में वाहन चैकिंग के दौरान थाना सरसावा पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर वाहन चोर नितिन कुमार उर्फ रोहित फौजी पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम झबीरण थाना सरसावा, वंश उर्फ राजा पुत्र धर्मेन्द्र निवासी ग्राम गदरहेडी थाना सरसावा, गौरव पुत्र मदन निवासी ग्राम झबीरण थाना सरसावा को नकुड–सरसावा मार्ग पर हाइवे पुल के नीचे से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण की निशांदेही पर उपरोक्त चोरी के मुकदमों से संबंधित चोरी की गयी दो मोटरसाईकिल तथा सात अन्य मोटरसाईकिल नकुड़ रोड पर ही बंद पड़े ईंट भट्टे के पुराने खंडहरों में छुपा कर रखी गयी थी। गिरफ्तार अभियुक्तगण शातिर किस्म के अपराधी है। गिरफ्तार अभियुक्तगण के विरूद्ध अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही कर समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तगण द्वारा बताया गया कि हम तीनों नशे के आदी हैं तथा नशे की लत को पूरा करने के लिए हम लोग मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करते है। थाना सरसावा, थाना सदर बाजार, थाना चिलकाना क्षेत्र तथा हरियाणा राज्य सहित अन्य स्थानों से मौका पाकर मोटरसाइकिल चोरी करते है तथा चोरी की मोटरसाइकिलों को ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग छह हजार से आठ हजार में बेच देते थे। हम तीनों नें राधा स्वामी सत्संग व्यास, सरसावा से एक स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल तथा पीजीआई पिलखनी अस्पताल से एक प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। इसके अतिरिक्त अन्य मोटरसाइकिलें भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की थीं, जिनमें से कुछ मोटरसाइकिलों के चेसिस नम्बर एवं इंजन नम्बर हमने मिटा दिए थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके औऱ लगभग तीन-चार दिन पूर्व तेलीपुरा ठेके के पास चाबी लगी खड़ी मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। आज भी हम चोरी की मोटरसाइकिलों को किसी ग्रामीण व्यक्ति को बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस टीम द्वारा हमें गिरफ्तार कर लिया गया।
