चिलकाना। कलसिया मार्ग पर चैनपुरा के समीप बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार ज़ैद पुत्र गुफरान (18) और आसना (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। चिलकाना में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सहारनपुर रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ज़ैद और आसना खेड़ा मेवात की ओर से बाइक पर आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही दूसरी बाइक से हो गई, जिसमें बड़ी मात्रा में डीजल-पेट्रोल लदा बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेल ले जा रही बाइक पर दोनों तरफ लोहे का जाल लगा हुआ था।
इसी दौरान खेड़ा मेवात की ओर से आ रही स्कूली वैन भी चैनपुरा की तरफ मुड़ रही थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को चिलकाना पहुंचाया, जहां से उन्हें सहारनपुर रेफर किया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मार्ग हाल ही में नया बना है। बाइक पर लदे तेल की मात्रा और हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
