पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश हुआ घायल, काम्बिंग में दो साथी गिरफ्तार, ट्रांसफार्मर कॉयल, 10 बंडल बिजली के तार, तमंचे, चाकू, बाइक और पिकअप बरामद
मुजफ्फरनगर। थाना तितावी पुलिस ने ऑपरेशन किसान प्रहरी के तहत बिजली के ट्रांसफार्मरों से कॉयल और बिजली के तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। बुधवार को दिन निकलते ही अमीरनगर कट के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि पुलिस ने घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाकर उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी संजय वर्मा ने इस सम्बंध में पुलिस लाइन सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान शाहनवाज के रूप में हुई है। वहीं उसके साथियों जुनैद उर्फ शाहरुख, ताहिर और आसिफ को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के बिजली के तार और ट्रांसफार्मर की कॉयल समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह बिजली के ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों को निशाना बनाकर कॉयल और तार चोरी करता था। चोरी किए गए तार को पिकअप वाहन में लादकर दूसरे स्थान पर ले जाया जाता था, जहां उसे बेचने की तैयारी की जाती थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी भी बरामद की है। इसके अलावा दो मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं। तितावी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर कॉयल और 10 बंडल बिजली के तार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद तार का वजन 10 कुंतल से अधिक बताया गया है। चोरी का सामान बेचने के बाद बची पांच हजार रुपये की नकदी भी आरोपियों के कब्जे से बरामद की गई है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और दो अवैध चाकू बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी जयवीर चौधरी के नेतृत्व में जसोई चौकी प्रभारी गौरव मलिक, जगाहेड़ी टोल चौकी प्रभारी शुभम त्यागी, लालूखेड़ी चौकी प्रभारी रविन्द्र घामा, ढिढावली चौकी प्रभारी परमजीत सिंह तथा क्राइम टीम के मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल अजीत कुमार और हेड कांस्टेबल आबिद कुमार सहित पुलिस बल शामिल रहा।
