गागलहेड़ी। ग्राम प्रधान ने एक युवक पर साथियों के साथ मिलकर गांव में लगातार बिजली लाइन के तार और ट्यूबवेल के केबल चोरी करने का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने नामजद युवक समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह पुत्र भरत सिंह निवासी ग्राम सम्बलहेड़ी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 सितंबर की रात गांव के जोड़े से एलटी लाइन का तार अमित कुमार उर्फ बुद्धू पुत्र रकम सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर काट लिया। ग्राम प्रधान का आरोप है कि इससे पहले उनके ट्यूबवेल की एलटी लाइन और मोटर की केबल भी चोरी हो चुकी है। इसके अलावा गांव के संजय कुमार पुत्र गजराज सिंह, यशपाल सिंह पुत्र ज्ञान सिंह और राजवीर सिंह पुत्र नक्कल सिंह की लाइन की केबल काटकर चोरी करने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्राम प्रधान के मुताबिक जानकारी मिलने उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
