गागलहेड़ी। कस्बे में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। ताजा मामला देहरादून रोड हिंडन नदी के पास गोगा महाड़ी मेले का है, जहां प्रसाद चढ़ाने आए एक युवक की बाइक पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बाइक जल्द बरामद करने और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम चौरादेव निवासी गजेंद्र प्रसाद अपने दुपहिया वाहन से कस्बे में आयोजित मेले में प्रसाद चढ़ाने आए थे। उन्होंने अपनी बाइक बाहर पार्क की और अंदर चले गए।
जब वे वापस लौटे तो उन्हें निर्दिष्ट स्थान पर बाइक नहीं मिली। आसपास काफी खोजबीन और पूछताछ करने के बाद भी जब बाइक का कोई सुराग नहीं लगा, तो उन्हें चोरी का अहसास हुआ। कस्बे में पिछले कुछ समय से बाइक चोरी की वारदातों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और धार्मिक स्थलों के बाहर से गाड़ियां गायब होना आम बात हो गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पीड़ित गजेंद्र प्रसाद ने इस संबंध में गागलहेड़ी थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र स्वीकार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
