रोहन राठी हत्याकांड की जांच के लिए पांच सदस्यीय एसआईटी गठित

एसपी सिटी अमृत जैन की अध्यक्षता में टीम करेगी जांच, घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं और साक्ष्यों की होगी गहन पड़ताल, तीन दिन का समय

मुजफ्फरनगर। पुरकाजी क्षेत्र के चर्चित रोहन राठी हत्याकांड की जांच को लेकर बढ़ते सवालों के बीच पुलिस ने अब पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर गठित एसआईटी की अध्यक्षता एसपी सिटी अमृत जैन करेंगे। पुलिस के अनुसार टीम हत्याकांड की विवेचना को निष्पक्ष, पारदर्शी और उपलब्ध तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाएगी। घटना के बाद पुलिस की ओर से किए गए खुलासे को लेकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की ओर से सवाल उठाए जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को पुरकाजी थाना क्षेत्र में रोहन राठी की हत्या हुई थी। रोहन भारतीय किसान यूनियन के जिला सचिव और हरेटी गांव के प्रधान विवेक राठी का इकलौता पुत्र तथा एलएलबी का छात्र था। हालांकि घटना के 24 घंटे के भीतर पुरकाजी पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार करने का दावा किया था, ये दोनों आपस में रिश्ते में जीजा और साले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से रोहन की बाइक, घड़ी और मोबाइल फोन बरामद किए गए। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन को भी विवेचना में महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया गया।

इसे भी पढ़ें:  देवबंद में मच्छरों, पानी और खराब फ्रीज की समस्या पर पालिका का एक्शन, सभासद ने बताई तैयारी
Screenshot

हालांकि पुलिस के खुलासे के बावजूद मृतक के परिजन और ग्रामीण मामले की पूरी तस्वीर को लेकर संतुष्ट नहीं हैं। परिजनों की ओर से हत्या के पीछे बताए जा रहे कारणों और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं। मामले को लेकर राजनीतिक और किसान संगठनों की सक्रियता भी बढ़ी है। रालोद और भाकियू नेताओं ने भी परिवार के साथ खड़े होकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। सत्ता और विपक्ष के लोग एक साथ खड़े नजर आये। परिजनों ने पुलिस को जांच के लिए तीन दिन का समय भी दिया है।

इसी पृष्ठभूमि में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने शनिवार देर रात एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए। पांच सदस्यीय टीम में एसपी सिटी अमृत जैन के अलावा क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार, प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस सेल रवेंद्र सिंह, प्रभारी एसओजी मोहित सिंह, थानाध्यक्ष छपार मोहित कुमार और थानाध्यक्ष पुरकाजी मानवेन्द्र भाटी को शामिल किया गया है। एसएसपी संजय वर्मा ने मीडिया को बताया कि एसआईटी अब घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच करेगी। पुलिस के अनुसार उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों का परीक्षण करने के साथ ही विवेचना में सामने आने वाले प्रत्येक बिंदु की पड़ताल की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण मामला: कोर्ट का बड़ा आदेश

ऐसे हुआ रोहन हत्याकांड का घटनाक्रम-मौत से मुठभेड़ तक

23 सितंबर को गांव हरैंटी निवासी एलएलबी छात्र रोहन राठी दोस्त की बाइक लेकर भोपा क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा में दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में गया। रात में पिता से फोन पर सुबह लौटने की बात कही। 24 सितंबर की सुबह हरेटी के पास ही गांव सलेमपुर मार्ग पर रोहन का शव खेत में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम में मुंह भींचने से दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। 25 सितंबर को पुलिस ने नाजिम निवासी गांव संगीपुर लक्सर और उसके साले शावेज निवासी गांव जहीरपुर थाना देवबंद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार दोनों ने रोहन की हत्या की और उसकी बाइक, घड़ी और मोबाइल अपने साथ ले गए।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में शिक्षा में कला एकीकरण पर कार्यशाला आयोजित

हत्या का कारण अनजाना भय रहा। कार से ससुराल जहीरपुर जाते नाजिम को बाइक पर रोहन मिला तो संदिग्ध समझकर कर कार से टक्कर मारकर घायल कर दिया, फरार हो गया। करीब एक घंटे बाद वो अपने साले शावेज के साथ वापस लौटा, शावेज ने रोहन को पहचान लिया, प्रधान पुत्र होने के कारण वो खौफ में आ गये और घायल रोहन का मुंह भींचकर हत्या कर दी। इस पर परिजनों के द्वारा असंतोष जताने के बाद 26 सितम्बर की रात एसएसपी संजय वर्मा ने एसआईटी का गठन किया है। एसपी सिटी अमृत जैन की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है, जो रोहन हत्याकांड की दोबारा जांच करेगी।

Share This Article