खनन विभाग के पोर्टल में सेंध, फर्जी तरीके से जारी किए 76 ई-फॉर्म-सी

खान अधिकारी आशुतोष छिरोल्या की शिकायत पर अज्ञात शातिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, लाइसेंस आईडी और पासवर्ड के दुरुपयोग का आरोप

मुजफ्फरनगर। खनन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी व्यवस्था का दुरुपयोग कर शातिरों द्वारा इस पोर्टल को हैक करते हुए 76 ई-फॉर्म-सी जारी किए जाने का मामला सामने आया है। खान अधिकारी आशुतोष छिरोल्या की शिकायत के आधार पर सिविल लाइंस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की है।

खान अधिकारी आशुतोष द्वारा की गई शिकायत के अनुसार, 21 सितंबर को शाम करीब 5.30 से 5.45 बजे के बीच वीटीएस डीजीएम ऐप पर सक्रिय ट्रिप के रूप में ई-फॉर्म-सी जारी होते दिखाई दिए। इसकी जानकारी तत्काल भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, लखनऊ को दी गई। निदेशालय से अवगत कराया गया कि विभागीय पोर्टल पर मुजफ्फरनगर जिले की एक लाइसेंस आईडी से संबंधित गतिविधियां सामने आई हैं। शिकायत में बताया गया कि उक्त आईडी के माध्यम से ग्राम अहमदगढ़, तहसील खतौली क्षेत्र के गाटा संख्या 7845, क्षेत्रफल एक एकड़ से संबंधित खनन स्थल से 76 वाहनों के लिए ई-फॉर्म-सी जारी किए गए। इन फॉर्म में उपखनिज सेंड स्टोन (गिट्टी) की मात्रा 1900 घन मीटर दर्ज बताई गई है। ये लाईसेंस आईडी खान अधिकारी आशुतोष की बताई गई।

इसे भी पढ़ें:  सहारनपुर: बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत पर थाने पहुंचे पिता की हालत बिगड़ी, परिवार ने पुलिस पर पिटाई का आरोप

खान अधिकारी की शिकायत में आशंका जताई गई है कि विभागीय पोर्टल पर लॉगिन के लिए इस्तेमाल होने वाली ओटीपी व्यवस्था का अनुचित लाभ उठाकर लाइसेंस आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग किया गया। शिकायत के मुताबिक संबंधित आईडी को अधिकारी द्वारा पहले ही जनरेट किया गया था। अज्ञात व्यक्तियों ने तकनीकी व्यवस्था का गलत फायदा उठाते हुए उक्त लाइसेंस आईडी से 76 ई-फॉर्म-सी जारी कर दिए। मामले की जानकारी सामने आने के बाद संबंधित आईडी को ब्लॉक करा दिया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि पूर्व में पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद पासवर्ड डालने पर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होता था और ओटीपी दर्ज करने के बाद पोर्टल खुलता था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से ये बिना ओटीपी प्राप्त हुए ही खुल रहा था।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में तीन विद्यार्थियों का नीट क्वालीफाई करने पर हुआ सम्मान

दर्ज एफआईआर के अनुसार, जारी किए गए लाइसेंस से संबंधित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर एक महिला से बात हुई, जिसने बताया कि वह लखनऊ से बात कर रही है और लाइसेंस में दर्ज मोबाइल नंबर उसके पति जुनैद के नाम पर है। महिला ने लाइसेंस के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया। खान अधिकारी ने पुलिस से लाइसेंस आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग कर 76 ई-फॉर्म-सी जारी करने तथा फर्जी लाइसेंस आईडी का इस्तेमाल करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। शिकायत पर सिविल लाइंस थाने में इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66डी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच निरीक्षक कृष्णपाल सिंह को सौंपी गई है।

इसे भी पढ़ें:  छपार दुष्कर्म पीड़िता के घर पहुंचे गौरव स्वरूप, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
Share This Article