सराफा बाजार में ज्वैलर्स की दुकान में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, चार दमकल वाहनों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सराफा बाजार चौक पर शनिवार को श्याम ज्वैलर्स की दुकान में अचानक आग लगने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकान से धुआं निकलता देखकर आसपास के कारोबारियों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी में इनवर्टर और स्टेबलाइजर में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें:  घायल गौवंश को कटान के लिए ले जाते दो आरोपी रंगे हाथ पकड़े

सर्राफा कारोबारी भोला शंकर ने बताया कि भगत सिंह रोड स्थित कटहरा मोचियान में उनकी श्याम ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। उनके बेटे राहुल दुकान पर कारोबार संभालते हैं। पिछले पांच-छह दिनों से राहुल परिवार के साथ सहारनपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए हुए हैं, जिसके चलते दुकान बंद थी। शनिवार दोपहर बाद कटहरा मोचियान से गुजर रही बिजली की एलटी लाइन के केबल में तेज फाल्ट होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद विद्युत वोल्टेज बढ़ने से बंद दुकान में रखे इनवर्टर और स्टेबलाइजर में शॉर्ट सर्किट हो गया। आशंका है कि इसी के कारण दुकान के अंदर रखा फर्नीचर आग की चपेट में आ गया।

इसे भी पढ़ें:  गाजियाबाद लोनी हत्या: अंधविश्वास में दोस्त की बेरहमी से हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

दुकान बंद होने के कारण शुरुआत में आग का पता नहीं चला। कुछ देर बाद शटर के नीचे से धुआं बाहर निकलने लगा तो आसपास के व्यापारियों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस, दमकल विभाग और दुकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही एफएसओ आरके यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दुकान मालिक के पहुंचने के बाद शटर खुलवाया गया और दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए कई घंटे तक प्रयास किया। आग दुकान के अंदर ही सीमित रहने के कारण आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। दुकान मालिक भोला शंकर के अनुसार आग से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान का फर्नीचर पूरी तरह जल गया, जबकि अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण भी धुएं और आग की गर्मी के कारण काले पड़ गए। दमकल विभाग और पुलिस की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  MPL T-20--गौरव स्वरूप के टाइटंस पर भारी पड़े राकेश बिन्दल के स्ट्राइकर्स
Share This Article