जिला अस्पताल में भड़के कर्मी, सीएमओ-सीएमएस का घेराव, हंगामा

एसीएमओ के आदेशों के विरोध में जिला अस्पताल में दिखा आक्रोश, कर्मचारियों ने एसीएमओ पर लगाए आरोप

मुजफ्फरनगर। जिला चिकित्सालय में एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार को लेकर चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया। चिकित्सकों और कर्मचारियों ने सीएमएस कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। कर्मचारियों का आरोप था कि हाल के दिनों में अस्पताल प्रशासन से जुड़े मामलों में उनके नाम सार्वजनिक किए गए तथा उन्हें गलत तरीके से बदनाम करने का प्रयास किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने मलाईदार पदों जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर भी कड़ी आपत्ति जताई। कर्मचारियों का कहना था कि मीडिया में प्रकाशित खबरों से ऐसा संदेश गया कि कुछ कर्मचारियों को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है, जिससे अस्पताल कर्मियों में असंतोष फैल गया।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-दुकान के विवाद में तनाव, पीड़ित ने दी पलायन की धमकी

हालांकि एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने सभी आरोपों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी कर्मचारी के नाम का उल्लेख नहीं किया और न ही किसी कर्मचारी के खिलाफ कोई बयान दिया। उनका कहना था कि विभाग की ओर से किसी कर्मचारी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया था तथा मीडिया में प्रकाशित कुछ खबरें अपुष्ट थीं। उन्होंने कहा कि उनके नाम से जो बातें प्रसारित हुईं, वे उनके आधिकारिक बयान का हिस्सा नहीं थीं। दरअसल, कुछ दिन पहले जिला चिकित्सालय परिसर में आवारा कुत्तों के हमले में एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे और पूरे मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में खामियों को देखते हुए संबंधित सिक्योरिटी कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने सहित कई प्रशासनिक कदम उठाए गए। इसके अलावा कुछ कर्मचारियों को उनके पदों से हटाने जैसी कार्रवाई भी की गई थी।

इसे भी पढ़ें:  स्कूल जा रहे थे दो भाई, अचानक इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग और फिर....

इसी प्रकरण के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सीएमएस डॉ. संजय वर्मा की अनुपस्थिति में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार को प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक सीएमएस कार्यालय में तैनात किया था। डॉ. संजय वर्मा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ हैं और ऑपरेशन थिएटर में व्यस्त रहने के कारण प्रशासनिक कार्यालय में उनका सीमित समय रहता था, जिससे कई कार्य प्रभावित हो रहे थे। कर्मचारियों के विरोध और शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कदम उठाते हुए डॉ. अशोक कुमार को उक्त जिम्मेदारी से हटा दिया। उनकी जगह अब डॉ. जावेद को प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. जावेद एसीएमओ पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और वर्तमान में सेवा विस्तार पर कार्यरत हैं। वे जूनियर सीएमएस के रूप में सीएमएस कार्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था संभालेंगे।

इसे भी पढ़ें:  स्कूल वैन की टक्कर से ढाई वर्षीय मासूम बालक की दर्दनाक मौत

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि कर्मचारियों को एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार को लेकर कुछ भ्रम और गलतफहमी हो गई थी। मीडिया में कुछ नाम आने से कर्मचारियों में नाराजगी थी, जिसे वार्ता के माध्यम से दूर किया गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की आपत्तियों को देखते हुए डॉ. अशोक कुमार को वहां से हटा दिया गया है और अब प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी डॉ. जावेद को सौंप दी गई है। सीएमओ ने उम्मीद जताई कि इस निर्णय के बाद अस्पताल की व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी और कर्मचारियों तथा प्रशासन के बीच बना तनाव समाप्त होगा।

Also Read This

पुलिस मुठभेड़ में पशु लूट गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, गोली लगने से घायल

उस्मान के खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, विद्युत चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं

Read More »