पुलिस मुठभेड़ में पशु लूट गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, गोली लगने से घायल

लूटी गई भैंसों की बिक्री से अर्जित 97,500 रुपये, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त पिकअप बरामद, एक आरोपी फरार

मुजफ्फरनगर। पशु लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए खतौली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लुटेरे गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटी गई भैंसों की बिक्री से प्राप्त 97,500 रुपये, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया गया है। जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

सीओ खतौली रूपाली राव के अनुसार यह कार्रवाई जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में खतौली पुलिस की टीम पशु लूट की घटना के खुलासे के लिए लगातार प्रयासरत थी। सीओ ने बताया कि 11 और 12 जून की रात ग्राम रसूलपुर कैलोरा निवासी सुखपाल ने थाना खतौली में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उनके घेर में घुस आए थे। बदमाशों ने अवैध हथियारों के बल पर उन्हें और उनके पुत्र को बंधक बना लिया तथा दो भैंस और उनके दो बच्चों को लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना खतौली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

इसे भी पढ़ें:  बाइक फिसलकर गिरी, हादसे में बिहार निवासी युवक की मौत

18 और 19 जून की रात पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पशु लूट की घटना में शामिल बदमाश उसी पिकअप वाहन में क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी अन्य वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने रामनगर तिराहे के पास चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर वाहन सवार बदमाश वाहन छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

इसे भी पढ़ें:  KHULASA-सौतेली मां के नाम तीन करोड़ की सम्पत्ति करने से नाराज बेटों ने कराई पिता की हत्या

मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र इसरार निवासी मोहल्ला शेखान थाना सरधना, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी फैजान पुत्र इस्तियाक निवासी खिवाई थाना सरूरपुर मेरठ है। सीओ के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी उस्मान ने स्वीकार किया कि वह एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जो चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रसूलपुर कैलोरा में पिता-पुत्र को बंधक बनाकर दो भैंस और उनके बच्चों की लूट की थी। आरोपी ने बताया कि लूटी गई एक भैंस और उसके बच्चे को पशु पैठ में 1.02 लाख रुपये में बेच दिया गया था। बरामद 97,500 रुपये उसी बिक्री से प्राप्त रकम का शेष हिस्सा है, जबकि बाकी रकम खर्च की जा चुकी है। उसने यह भी स्वीकार किया कि वारदात में बरामद पिकअप वाहन का ही इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 97,500 रुपये नकद, एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा एवं एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन (न्च्-15 भ्ज्-7841), एक रस्सी बरामद की है।

इसे भी पढ़ें:  वंदे मातरम गीत नहीं, भारत की आत्मा हैः कपिल देव अग्रवाल

सीओ रूपाली राव ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उस्मान के खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, विद्युत चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। खतौली में दर्ज पशु लूट और मुठभेड़ से जुड़े नए मुकदमों में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read This