मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर 24वीं निशुल्क जल सेवा का शुभारंभ

भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से समाजसेवियों ने निभाई सेवा की परंपरा, जनप्रतिनिधियों और संतों ने की सराहना

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में शहीद भगत सिंह एकता मंच द्वारा रेलवे स्टेशन पर पिछले 23 वर्षों से संचालित की जा रही निशुल्क जल सेवा का 24वां सत्र विधिवत रूप से शुरू किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ धार्मिक अनुष्ठान के साथ दीप प्रज्वलन और नारियल फोड़कर किया गया। इस अवसर पर मौजूद संत महामंडलेश्वर मैत्री गिरी ने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि टीम के सदस्य अपने निजी कार्यों को छोड़कर भीषण गर्मी में यात्रियों को पानी उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं, जो निस्वार्थ सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

इसे भी पढ़ें:  रामपुर तिराहा कांडः सीबीआई कोर्ट ने सुनाई तीन पुलिसकर्मियों को सजा

कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े प्रमुख समाजसेवी सतीश चंद गोयल ने भी संगठन की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य अत्यंत पुण्यदायी है। उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले लोग स्वयं बाल्टी लेकर स्टेशन पर जल सेवा करते थे और अब इस कार्य को संगठित रूप में आगे बढ़ते देख संतोष होता है। उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की कि वे अपने व्यस्त समय में से कुछ समय निकालकर इस सेवा कार्य में सहयोग करें। हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पवार ने कहा कि यह संगठन लंबे समय से रेलवे स्टेशन से गुजरने वाले लाखों यात्रियों को राहत पहुंचा रहा है। उन्होंने इसे जनसेवा का सशक्त उदाहरण बताया।

इसे भी पढ़ें:  कालाबाजारीः मुजफ्फरनगर से हरियाणा भेजा जा रहा था किसानों को मिलने वाला यूरिया

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विकास पंवार ने भी संगठन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि 24 वर्षों से निरंतर चल रही यह सेवा सराहनीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस कार्य के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन अरुण प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान शहर के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस पहल के माध्यम से न केवल यात्रियों को गर्मी में राहत मिल रही है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत हो रही है।

इसे भी पढ़ें:  जिला अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों हमले पर सीएमओ ने किया निरीक्षण
Share This Article