टाउनहाल मैदान में अवैध तीज महोत्सव मेला बादस्तूर जार

मंत्री कपिल देव ने लगवाया था मेला, भाजपा सभासदों की शिकायत पर पालिका प्रशासन ने अनुमति कर दी थी निरस्त

मंगलवार देर रात तक चलता रहा मेले का आयोजन, सामान हटाने के लिए दो दिन की मोहलत देने का किया दावा

मुजफ्फरनगर। शहर के टाउनहाल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस एवं तीज महोत्सव मेले को लेकर नगर पालिका प्रशासन और आयोजकों के बीच खींचतान खुलकर सामने आ रही है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा मेला आयोजन से संबंधित आवेदन निरस्त किए जाने और मैदान खाली करने के निर्देश के बावजूद मंगलवार की रात को भी मेला चलता रहा। देर रात तक मैदान में झूले और अन्य गतिविधियां संचालित होने से पालिका के आदेशों के अनुपालन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, टाउनहाल मैदान में स्वतंत्रता दिवस एवं तीज महोत्सव मेले का आयोजन नगर विधायक एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल की सहमति से कराया गया था। आयोजन शुरू होने के कुछ ही समय बाद नगर पालिका में इसकी अनुमति को लेकर शिकायतें पहुंचने लगीं। पालिका के ही कुछ भाजपा सभासदों द्वारा मेले को नियमों के विपरीत बताते हुए पालिकाध्यक्ष से शिकायत किए जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था।

इसे भी पढ़ें:  ‘ऑपरेशन सवेरा’ में बड़ी कार्रवाईः 30 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

शिकायत के बाद नगर पालिका प्रशासन ने मेला आयोजन से संबंधित आवेदन पर कार्रवाई करते हुए उसे निरस्त कर दिया। अधिशासी अधिकारी की ओर से ठेकेदार को मैदान खाली करने और सामान हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही चार दिन तक मैदान के उपयोग के एवज में नियमानुसार जुर्माना वसूलने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बताया गया कि पालिका प्रशासन की ओर से मंगलवार को मेला बंद कराने के लिए कर्मचारियों की टीम टाउनहाल मैदान पहुंची। बताया जाता है कि पालिका की टीम कुछ देर ठहरने के बाद बैरंग ही वापस लौट गई और मेला देर रात तक चलता रहा। इससे पालिका प्रशासन के आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया गया है कि शहर विधायक कपिल देव अग्रवाल की ओर से तीज पर्व के अवसर पर महिलाओं को निशुल्क झूला झुलाने की योजना के तहत टाउनहाल मैदान में यह आयोजन कराया गया था। स्वतंत्रता दिवस और तीज महोत्सव को जोड़कर आयोजित किए गए इस मेले में झूले सहित विभिन्न गतिविधियां रखी गई थीं।

इसे भी पढ़ें:  UPDATE-लद्दावाला-रामपुरी कब्रिस्तान का कराया फर्जी वसीयतनामा, सामाजिक टकराव की आशंका

पालिका के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार के अनुसार, कृकृष्णापुरी निवासी ठेकेदार कंवर सैन जैन ने नगर मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर 15 से 22 अगस्त तक टाउनहाल मैदान में स्वतंत्रता दिवस एवं तीज महोत्सव मेला आयोजित करने के लिए मैदान आवंटित किए जाने का अनुरोध किया था। नगर मजिस्ट्रेट की ओर से आवेदन नगर पालिका को अग्रसारित किया गया था। ईओ के मुताबिक, मैदान के उपयोग के लिए नियमानुसार शुल्क जमा कराया गया था, लेकिन पालिका की ओर से मेला आयोजन की अनुमति जारी नहीं की गई थी। बाद में आयोजन को लेकर शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित आवेदन को निरस्त कर दिया गया। ईओ ने बताया कि आवेदन निरस्त होने के बाद ठेकेदार की ओर से मैदान में मौजूद सामान और झूले हटाने के लिए दो दिन का समय मांगा गया था। ठेकेदार ने लेबर लगाकर मैदान खाली कराने के लिए समय दिए जाने का अनुरोध किया है। पालिकाध्यक्ष की अनुमति के बाद प्रशासन ने सामान हटाने के लिए दो दिन का समय दिया है। हालांकि, अनुमति निरस्त होने के बाद भी मंगलवार को मेला संचालित होने से पालिका के आदेश और जमीनी स्थिति के बीच अंतर दिखाई दिया।

इसे भी पढ़ें:  अखंडानंद आश्रम में 74वां महान यज्ञ व भंडारा 10 मई को- ब्रह्मलीन संत रूद्रदेव की प्रतिमा होगी स्थापित
Share This Article