भारी वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद, हल्के व मध्यम वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तयय पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू कर दी है। यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही चरणबद्ध तरीके से प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने आमजन से निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, निर्विघ्न एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चैबे के निर्देशन में तैयार इस योजना के तहत 29/30 जुलाई की मध्यरात्रि से 12 अगस्त तक विभिन्न चरणों में यातायात व्यवस्था संचालित की जाएगी।

योजना के अनुसार कांवड़ मार्ग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (एनएच-334) पर निर्धारित अवधि के दौरान भारी वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा 4 अगस्त की मध्यरात्रि से हरिद्वार की ओर जाने और वहां से आने वाले सभी प्रकार के वाहनों पर भी प्रतिबंध लागू होगा। ऐसे वाहनों के लिए पुलिस ने देवबंद, रामपुर तिराहा, जानसठ और अन्य वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

हल्के एवं मध्यम वाहनों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बिजनौर, सहारनपुर और हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहनों को यात्रा अवधि में तय किए गए वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। शामली, खतौली, बुढ़ाना, पुरकाजी और अन्य स्थानीय मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन लागू किए जाएंगे।

यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जिले के विभिन्न प्रवेश बिंदुओं, सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख चैराहों पर बैरियर स्थापित किए गए हैं। साथ ही मेरठ, बिजनौर, शामली, सहारनपुर, हरिद्वार और बागपत सहित सीमावर्ती जनपदों से समन्वय स्थापित कर भारी वाहनों को मुजफ्फरनगर की ओर नहीं भेजने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी यातायात अतुल चैबे ने जनपदवासियों और वाहन चालकों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें, यात्रा से पहले अपने मार्ग की जानकारी प्राप्त करें तथा ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस और अन्य पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन करें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
