खतौली। सीता शरण इंटर कॉलेज के मैदान में देर शाम घूमने गए बड़ा बाजार निवासी दिनेश कुमार पर बाइक सवार युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दिनेश कुमार के शरीर पर कई चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस को आता देख आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार रोजाना शाम करीब छह बजे जमुना विहार स्थित सीता शरण इंटर कॉलेज के ग्राउंड में घूमने जाते हैं। देर शाम वह मैदान में घूम रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दिनेश के अनुसार हमले में उनके शरीर पर कई घाव हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और उसके नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है। घायल दिनेश कुमार को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
दिनेश कुमार ने आशंका जताई कि आरोपी बड़ा बाजार स्थित अंडरपास की ओर से किसी घटना को अंजाम देकर भाग रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है।
