सिविल लाइन पुलिस ने छापमार कार्यवाही में पकड़ा एडल्ट टॉयज का जखीरा, भारी मात्रा में एडल्ट टॉयज बरामद, कई आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस ने वयस्क उपयोग से संबंधित एडल्ट टॉयज उत्पादों की बड़ी खेप बरामद कर कथित कारोबार पर कार्रवाई की है। सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद बरामद सामान को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई में बड़ी संख्या में एडल्ट टॉयज समेत वयस्क उपयोग से जुड़े अन्य उत्पाद बरामद होने की बात सामने आई है। ये जिस मौहल्ले में किया जा रहा था, वहां के लोगों को भी इसकी जानकारी नहीं थी। बंद पड़े एक गोदाम नुमा मकान में एडल्ट टॉयज रखे गये थे, वहीं से इनको सप्लाई किया जाता था। बरामदगी के बाद पुलिस ने सामान को कब्जे में लेकर उसके स्रोत और आपूर्ति के माध्यम की जांच शुरू कर दी है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि खेप कहां से मंगाई गई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जा रहा था। बताया गया कि कई आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ की है। एसएसपी संजय वर्मा इसका पूरा खुलासा आज कर सकते हैं।
पुलिस अब बरामद उत्पादों के जरिए इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। बिक्री के माध्यम, सप्लाई चौन और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद सिविल लाइन क्षेत्र में दिनभर मामला चर्चा में रहा। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ इस कथित कारोबार से जुड़े और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
