10 अक्टूबर को नहर में डूबा था खाईखेड़ी निवासी युवक, गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम चला रही थी तलाश अभियान
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी निवासी 22 वर्षीय लोकेश का शव बुधवार सुबह बेलड़ा पुल के पास गंग नहर से बरामद हुआ। युवक 10 अक्टूबर को नहर में डूब गया था। उसकी तलाश में स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही थी। चार दिन बाद शव मिलने से परिजनों में शोक छा गया।
जानकारी के अनुसार, खाईखेड़ी निवासी जितेंद्र का पुत्र लोकेश 10 अक्टूबर 2026 को शाम करीब चार बजे नहर में डूब गया था। घटना के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने नहर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका था।
भोपा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आशुतोष ने बताया कि बुधवार, 14 अक्टूबर को सुबह करीब 6.15 बजे बेलड़ा पुल के पास नहर में लोकेश का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। यहां पर पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसी बीच लोकेश के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया था। उन्होंने मौके पर आकर बरामद शव की शिनाख्त लापता लोकेश के रूप में की। शिनाख्त होने के पश्चात चौकी प्रभारी कम्हेड़ा उपनिरीक्षक विक्रम वीरेंद्र सिंह ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही इस सम्बंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। लोकेश पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी का निवासी था। उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
