मुजफ्फरनगर-महर्षि वाल्मीकि चौक मिलने पर मंत्री कपिल देव का अभिनंदन

ढोल-नगाड़ों के साथ गांधीनगर स्थित आवास पहुंचे वाल्मीकि समाज के लोग, 6 नवंबर की बोर्ड बैठक में रेलवे रोड तिराहे के नामकरण का प्रस्ताव होगा पेश

मुजफ्फरनगर। शहर में महर्षि वाल्मीकि के नाम से चौक स्थापित करने की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ती नजर आ रही है। रेलवे रोड स्थित तिराहे का नामकरण महर्षि वाल्मीकि चौक किए जाने का प्रस्ताव नगर पालिका परिषद की आगामी बोर्ड बैठक के एजेंडे में रखे जाने पर वाल्मीकि समाज में खुशी की लहर है। समाज के लोगों ने प्रदेश सरकार के कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल का ढोल-नगाड़ों के साथ गांधीनगर स्थित उनके आवास राधा कुंज पहुंचकर भव्य स्वागत किया।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR---एससी युवक की पीट-पीटकर नृशंस हत्या

इस दौरान समाज के गणमान्य लोगों ने मंत्री कपिल देव अग्रवाल को पगड़ी पहनाकर और फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि शहर में महर्षि वाल्मीकि के नाम से चौक और उनकी प्रतिमा स्थापित कराने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। अब इस दिशा में पहल होने से समाज की भावनाओं को सम्मान मिला है। उन्होंने प्रस्ताव को बोर्ड बैठक तक पहुंचाने के लिए मंत्री का आभार जताया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने समाज के लोगों का स्वागत करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और सभासदों का भी सहयोग के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का सम्मान, सामाजिक समरसता और समाज की भावनाओं का आदर करना सभी का नैतिक दायित्व है। वाल्मीकि समाज की मांग को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास सामाजिक सम्मान और गौरव से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में भगवान महर्षि वाल्मीकि चौक स्थापित करने का संकल्प निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की ओर से आगामी 6 नवंबर को प्रस्तावित बोर्ड बैठक के लिए जारी एजेंडे में रेलवे रोड स्थित तिराहे का नाम महर्षि वाल्मीकि चौक किए जाने का प्रस्ताव शामिल किया गया है। बोर्ड बैठक में इस पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। बताया गया कि यह पहल मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से आगे बढ़ी है।

इसे भी पढ़ें:  भाकियू ने बसी-खुब्बापुर में पंचायत कर किया किसान संवाद

तीन मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 30 लाख स्वीकृत

इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के तीन मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 10-10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी भी दी गई। इससे मंदिरों में विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा सकेंगे। चौक के नामकरण के प्रस्ताव और मंदिरों के लिए स्वीकृत धनराशि को लेकर समाज के लोगों ने प्रसन्नता जताई। गौरतलब है कि वाल्मीकि समाज लंबे समय से शहर में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर चौराहे का नामकरण करने और वहां उनकी प्रतिमा स्थापित कर स्मारक विकसित करने की मांग करता आ रहा है। अब नगर पालिका की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव आने के बाद समाज को इसके अमलीजामा पहनने की उम्मीद जगी है। हालांकि, चौक के नामकरण पर अंतिम निर्णय बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  एमआईटूसी कंपनी के साथ अब काम नहीं करेगी पालिका
Share This Article