पुल के नीचे मिला युवक का अधजला शव, रस्सी से बंधे मिले दोनों हाथ, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव नहर पुल के नीचे पड़ा मिला, जिसके दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे। प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार बुढ़ाना थाना क्षेत्र के चंदेड़ी गांव स्थित बकता एवं सटेड़ी रजवाहा पुल के नीचे सोमवार प्रातः एक युवक का अधजला शव मिलने की सूचना गांव के चौकीदार ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि एक अज्ञात युवक का शव पुल के नीचे पड़ा हुआ था। शव आंशिक रूप से जला हुआ था तथा दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। माना जा रहा है कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया और पहचान मिटाने के उद्देश्य से जलाने का प्रयास किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह तथा थाना बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण कर संभावित साक्ष्यों की तलाश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल का सूक्ष्म परीक्षण कर विभिन्न महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों तथा जनपदों में गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद घटना के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि ग्राम चंदेड़ी के चौकीदार द्वारा सुबह सूचना दी गई थी कि बकता एवं सटेड़ी रजवाहा पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव बरामद हुआ। एफएसएल टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं। शव की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष आने के बाद मौत के कारणों और हत्या की परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा होने की उम्मीद है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।






