पुरकाजी के नूरनगर में बड़े भाई व उसके पुत्रों पर हत्या का आरोप, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव नूरनगर में सोमवार शाम करीब 5.30 बजे पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि बड़े भाई दीपचंद और उसके पुत्रों ने अपने छोटे भाई 65 वर्षीय कृष्ण पाल को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल कृष्ण पाल को तत्काल पुरकाजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुरकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। कृष्णपाल पूर्व चेयरमैन रहे हैं।
