शाहजहाँपुर। बमिहाना गांव से 15 कांवड़ियों का जत्था गुरुवार की रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर-ट्राली से बदायूं के दातागंज के डांडी घाट के लिए रवाना हुआ था। शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के बमिहाना गांव से कांवड़ लेने गए 15 कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्राली में शुक्रवार सुबह नवादा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक से पीछे से टक्कर लग गई। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बमिहाना गांव से 15 कांवड़ियों का जत्था गुरुवार की रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर-ट्राली से बदायूं के दातागंज के डांडी घाट के लिए रवाना हुआ था। वहां से रामगंगा नदी से जल लेकर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे सभी अपने गांव के शिव मंदिर के लिए लौट रहे थे। नवादा मोड़ पुलिस चैकी से करीब 500 मीटर पहले दातागंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर लग गई। ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए खाई में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठे कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। आगे कांवड़ लेकर चल रहे शिवम मिश्रा समेत कुछ अन्य साथी भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। कुछ घायलों को बरेली ले जाया गया, जहां बमिहाना निवासी अमन (20) और गुड्डू (30) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का जैतीपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि राजकीय मेडिकल कालेज, शाहजहांपुर रेफर किया गया है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि ट्रक चालक पुलिस हिरासत में है। उसका सीएचसी में इलाज चल रहा है। तहरीर के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
