भोपा पुलिस ने की कार्रवाई उत्तराखंड का हिस्ट्रीशीटर भी दबोचा तीन लग्जरी कारों सहित छह तमंचे पिस्टल राइफल बंदूक और तलवार बरामद
मुजफ्फरनगर। भोपा खादर क्षेत्र में विवादित और कीमती जमीनों पर अवैध कब्जा कराने वाले कथित गिरोह के खिलाफ भोपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन कवच के तहत पुलिस ने जमीन पर कब्जा करने के इरादे से तीन लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर हरियाणा से यहां पहुंचे 20 शातिर लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में उत्तराखंड के हरिद्वार जिले का एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार कारतूस तलवार और लाठी-डंडे बरामद किए हैं।
एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभाकक्ष में मीडिया के साथ भोपा पुलिस के इस गुडवर्क को साझा किया। एसपी देहात के अनुसार 15 नवंबर को भोपा थाना पुलिस शुक्रताल चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गंगा के पार से तीन गाड़ियों में सवार होकर 20 से 25 लोग खादर क्षेत्र में आ रहे हैं। इनके पास अवैध हथियार हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी है। घेराबंदी कर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी थी। कुछ देर बाद काले रंग की स्कॉर्पियो एन स्कॉर्पियो क्लासिक और थार गाड़ी वहां पहुंचीं। पुलिस ने तीनों वाहनों को रोककर उनमें सवार लोगों की तलाशी ली तो बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तीनों कारों में सवार सभी 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से छह तमंचे 315 बोर एक .32 बोर पिस्टल और पांच कारतूस एक .22 बोर पोनिया राइफल व पांच कारतूस एक फैक्ट्री मेड 12 बोर दुनाली बंदूक व 20 कारतूस तथा एक फैक्ट्री मेड 315 बोर राइफल व 18 कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक तलवार मय म्यान और नौ लकड़ी के डंडे भी मिले हैं। पुलिस ने तीनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे संगठित होकर मुजफ्फरनगर के खादर क्षेत्र में विवादित और कीमती जमीनों की खरीद-फरोख्त का काम करते थे।
जिन जमीनों के मालिकाना हक या कब्जे को लेकर विवाद होता था वहां अपने पक्ष में कब्जा कराने और उसे बरकरार रखने के लिए एकजुट होकर पहुंचते थे। विरोध होने पर दूसरे पक्ष को डराने और दबाव बनाने के लिए हथियार साथ रखते थे। आरोपी एक विवादित जमीन पर कब्जा करने के इरादे से ही खादर क्षेत्र में पहुंचे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेंद्र सिंह पुत्र तेजपाल सिंह निवासी खेड़ा थाना मंगलौर जिला हरिद्वार शामिल है। वह मंगलौर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा भोपा क्षेत्र के भौकरहेड़ी निवासी गौरव पुत्र ब्रजवीर सिंह का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान वेदांत निवासी मवाना (मेरठ), प्रियांशु निवासी करनाल (हरियाणा), सुजीत निवासी गढ़ी फरीदपुर (अमरोहा), अर्श निवासी नन्हेड़ा (मुजफ्फरनगर), वैदिक निवासी चंदेना (सहारनपुर), राजेंद्र सिंह निवासी भौकरहेड़ी (मुजफ्फरनगर), वंश निवासी बनत (शामली), विपिन निवासी शाहडब्बर (मुजफ्फरनगर), आर्यन निवासी सिसौली (मेरठ), हर्षित पटवाल निवासी आईएनए कॉलोनी (दिल्ली), आर्यन जावला निवासी बड़ौत (बागपत), उज्जवल रावत निवासी लक्सर (हरिद्वार), सागर भारद्वाज निवासी बड़ौत (बागपत), हर्ष निवासी बड़खेड़ा सादात (अमरोहा), साहिल सिंह सामंत निवासी (पिथौरागढ़), श्रीजन शुक्ला निवासी सहजनवा (गोरखपुर), मानस निवासी झज्जर (हरियाणा) और अनंत प्रताप सिंह निवासी बाराबंकी के रूप में हुई है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह और थाना प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेक चौधरी सपन चौधरी पिंटू चौधरी साजिद खान सत्यप्रकाश यादव समेत थाना भोपा के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
