जन्मदिन की पार्टी मनाने निकले युवक की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप

शामली बाईपास रोड पर वहलना चौक के निकट मिला अश्वनी का शव, बाइक गायब होने और मोबाइल बंद मिलने से उठे सवाल

मुजफ्फरनगर। जन्मदिन की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने घर से निकले युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। थाना खालापार क्षेत्र में शामली बाईपास रोड स्थित वहलना चौक के पास युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शुरुआत में परिजनों को सड़क दुर्घटना की जानकारी दी, लेकिन परिवार ने हादसे की कहानी पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। युवक की बाइक का पता नहीं चलने और मोबाइल फोन बंद होने से मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। आरोप मृतक के दोस्तों पर लगाया गया है।

Contents
इसे भी पढ़ें:  खतौली पुलिस फ्लैग मार्च: संवेदनशील इलाकों में सख्ती

पुलिस के अनुसार रोड साइट मिले मृतक युवक की पहचान अश्वनी के रूप में हुई है। उसके छोटे भाई विशाल के अनुसार, रविवार को अश्वनी का जन्मदिन था। दोपहर करीब डेढ़ बजे ओरिएंट पेपर मिल में काम करने वाले उसके कुछ साथियों ने फोन कर उसे जन्मदिन की पार्टी के लिए बुलाया था। इसके बाद अश्वनी घर से चला गया। परिवार को उम्मीद थी कि वह दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाकर वापस लौट आएगा, लेकिन कुछ घंटे बाद उसकी मौत की खबर पहुंच गई।

शाम छह बजे पत्नी से हुई युवक की आखिरी बातचीत

परिजनों के मुताबिक, शाम करीब छह बजे अश्वनी की पत्नी से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिवार के लोग लगातार उससे संपर्क करने का प्रयास करते रहे। इसी बीच शाम करीब साढ़े सात बजे अश्वनी की पत्नी के मोबाइल पर पुलिसकर्मी का फोन आया। पुलिस ने बताया कि अश्वनी का एक्सीडेंट हो गया है और उसका मोबाइल फोन पुलिस के पास है। सूचना मिलने पर परिजन पुलिस चौकी पहुंचे। वहां उन्हें जानकारी मिली कि अश्वनी का शव शामली बाईपास पर राणा चौक के पास मिला है।

इसे भी पढ़ें:  कानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने तवा-बेलन से पत्नी की हत्या, आरोपी फरार

मौके से बाइक गायब होने पर परिजनों ने उठाए सवाल

मृतक के छोटे भाई विशाल ने पुलिस के सामने कई सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि यदि अश्वनी की सड़क दुर्घटना में मौत हुई है तो उसकी बाइक कहां है? घटनास्थल पर दुर्घटना से जुड़े दूसरे साक्ष्य भी नहीं मिलने की बात परिजनों ने कही है। परिवार का मानना है कि घटना की परिस्थितियां सामान्य सड़क हादसे जैसी नहीं लग रही हैं। इसी आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

विशाल ने अश्वनी के कुछ दोस्तों पर भी संदेह व्यक्त किया है। उसके मुताबिक, मोहसिन नाम के युवक सहित कुछ अन्य साथियों से फोन पर संपर्क कर पूछा गया कि अश्वनी उनके साथ था या नहीं, लेकिन उन्होंने उसके साथ होने से इनकार कर दिया। विशाल का दावा है कि अश्वनी के मोबाइल डाटा में संबंधित युवकों के साथ वीडियो कॉल और तस्वीरें मौजूद हैं। इस संबंध में सवाल किए जाने पर कथित तौर पर युवकों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर के विकास को मंत्री कपिल देव केन्द्र से लाए 419 करोड़

परिजनों ने मामले में तहरीर देकर घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा के अनुसार, थाना खालापार क्षेत्र में शामली रोड स्थित हाईवे पर युवक का शव मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जन्मदिन की पार्टी के लिए घर से निकले अश्वनी की संदिग्ध मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन अब कई सवालों का जवाब तलाश रहे हैं।

Share This Article