एसओजी प्रभारी बताकर आश्रम में घुसे, साधुओं को बनाया बंधक….75 हजार रुपये गायब

भोपा। शुकताल स्थित श्री पंचदशनाम संन्यास आश्रम नागा बाबा टिल्ला में रविवार देर रात स्कॉर्पियो सवार लोगों ने खुद को सहारनपुर एसओजी प्रभारी बताकर सनसनी फैला दी। आरोप है कि बदमाशों ने बुजुर्ग साधु भोला गिरी महाराज और सेवक बिजेंद्र को कमरे में बंद कर दिया तथा महंत जयदेव गिरी महाराज को एनकाउंटर की धमकी देकर कार में डालने का प्रयास किया। आरोपियों के जाने के बाद कमरे से 75 हजार रुपये गायब मिले। भोपा थाने में महंत जयदेव गिरी ने तहरीर देते हुए बताया कि काले रंग की नई स्कॉर्पियो में सवार होकर कुछ लोग आश्रम पहुंचे थे। उनमें एक व्यक्ति को पहचानने के कारण उन्होंने गेट खोल दिया। आरोप है कि अंदर आते ही एक व्यक्ति ने खुद को एसओजी प्रभारी बताकर तलाशी शुरू कर दी और आश्रम में असलहा होने की बात कहते हुए पिस्टल से एनकाउंटर करने की धमकी दी। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर महंत पुलिस चौकी की ओर भागे और डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। बाद में कमरे की जांच करने पर बैग से 75 हजार रुपये गायब मिले। महंत ने जान का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  सरकारी जमीन पर कब्जा कर रातों-रात डाली पक्की छत
Share This Article