मुजफ्फरनगर-मामूली विवाद में महिला की गला दबाकर हत्या, पति पर लगा आरोप

तावली गांव में 36 वर्षीय महिला की मौत से मचा हड़कंप, मायके वालों ने किया हंगामा, एसपी देहात ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव तावली में रविवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने उसके पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया है। सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार 30 अगस्त को सुबह करीब 6.15 बजे डायल-112 पर पीआरवी-8553 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम तावली निवासी मोहसीना (36) पत्नी राशिद की उसके पति राशिद पुत्र अयूब द्वारा मामूली विवाद में गला दबाकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई तथा घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

इसे भी पढ़ें:  कांवड़ मार्ग पर नाम लिखने के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक

मृतका के परिजनों का आरोप है कि महिला के साथ पहले मारपीट की गई और इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने इस मामले में ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-प्रतिबंधित दवाईयों के साथ नशे के पांच सौदागर गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए, जिन्हें पुलिस ने नियमानुसार सुरक्षित कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी जांच में शामिल किए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का भ्रमण कर पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली तथा परिजनों और ग्रामीणों से भी पूछताछ की। उन्होंने पुलिस टीमों को मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने घटना के शीघ्र अनावरण और नामजद अथवा संदिग्ध अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया है।

इसे भी पढ़ें:  प्रकृति की सेवा ही सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व है-ममता अग्रवाल

साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। महिला की मौत को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी साक्ष्यों और बयानों की गहनता से जांच की जा रही है।

Share This Article