संदिग्ध परिस्थितियों में भैंस की मौत, दूसरी की हालत गंभीर, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मोरना –क्षेत्र के गांव जटवाड़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में एक भैंस की मौत हो गई, जबकि दूसरी भैंस की हालत गंभीर बनी हुई है। पशु चिकित्सक द्वारा भैंस के जहरीला पदार्थ निगलने की आशंका जताए जाने के बाद पशुपालक ने अज्ञात व्यक्ति पर भैंसों को जहर देने का आरोप लगाया है।पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव जटवाड़ा निवासी नौशाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह वह अपनी भैंसों का दूध निकालने के लिए पशुओं के पास पहुंचा तो दोनों भैंसों की हालत खराब दिखाई दी। इसके बाद उसने तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाया। चिकित्सक ने जांच के दौरान भैंसों द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने की आशंका जताई। पीड़ित के अनुसार, भैंसों के पास रोटी तथा धागे में लिपटी एक संदिग्ध वस्तु भी पड़ी मिली। कुछ ही देर बाद एक भैंस की मौत हो गई, जबकि दूसरी भैंस की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से पशुपालक को आर्थिक नुकसान हुआ है।  पीड़ित ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भैंसों को जहरीला पदार्थ खिलाए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जटवाड़ा चौकी प्रभारी मुनेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। ज्ञात रहे की पूर्व में क्षेत्र के कई गांव में पशुओं को जहर देने के मामले प्रकाश में आ चुके हैं। जिसमें अनेक पशुओं की मौत ज़हरीले पदार्थ के दिए जाने से हो चुकी है। पुलिस द्वारा पूर्व में मामलों में कार्रवाई भी हुई है
इसे भी पढ़ें:  भव्य रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा शहर
Share This Article