मोरना। भवन निर्माण में तकनीकी खामियो के चलते निर्माणाधीन दुकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान दुकान में काम कर रहे दो मजदूर मलबे के नीचे दबकर घायल हो गए। मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और अन्य मजदूरों ने पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
![]()
भोपा थाना क्षेत्र में गंगनहर पुल के पास बिजलीघर के सामने दुकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। बुधवार सुबह एक दुकान का लेंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान लेंटर के नीचे सहारे के लिए लगाई गई बल्ली अचानक टूट गई। बल्ली टूटते ही लेंटर का मलबा भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे में ऊपर काम कर रहे दो मजदूर जर्मन सिंह निवासी गांव पुसार, थाना दोघट, जनपद बागपत तथा संदीप निवासी भोपा मलबे के नीचे दब गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर और ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर भोपा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों और अन्य मजदूरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा पहुंचाया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
