मुजफ्फरनगर सदर सीट पर कांग्रेस की दावेदारी से सपा में बेचैनी

इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर 181 सीटों की सूची चर्चा में आने के बाद टिकट के दावेदारों की बढ़ीं मुश्किलें

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे की चर्चाओं ने अभी से सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। कांग्रेस के दावे वाली 181 विधानसभा सीटों की एक सूची सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। इस सूची में मुजफ्फरनगर सदर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई ऐसी सीटों के शामिल होने की चर्चा है, जिन्हें समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता वाला क्षेत्र माना जा रहा है। कांग्रेस की इस कथित दावेदारी से सपा के उन नेताओं की राजनीतिक चिंताएं बढ़ गई हैं, जो आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के टिकट पर अपनी दावेदारी की तैयारी कर रहे हैं।

Contents
इसे भी पढ़ें:  राजकुमार भाटी के खिलाफ जाट महासभा का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा सीट को लेकर सामने आई चर्चा ने स्थानीय राजनीति को खासा गर्म कर दिया है। इस सीट पर कांग्रेस की दावेदारी की बात सामने आने से समाजवादी पार्टी के संभावित प्रत्याशियों के सामने असमंजस की स्थिति बन गई है। यदि गठबंधन में यह सीट कांग्रेस के हिस्से में जाती है तो सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे नेताओं को अपनी रणनीति बदलनी पड़ सकती है। हालांकि, अभी तक सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

अधिकारिक दावा नहीं, स्थानीय नेतृत्व ने हाईकमान पर छोड़ा फैसला

सीटों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने फिलहाल किसी भी दावे को अंतिम मानने से इनकार किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सत्यपाल कटारिया और सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी का कहना है कि विधानसभा सीटों और प्रत्याशियों के चयन का निर्णय दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व करेगा। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही सूची आधिकारिक नहीं है और अभी तक सीटों के बंटवारे को लेकर हाईकमान की ओर से कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। दोनों नेताओं का कहना है कि गठबंधन में जिस भी दल के हिस्से में जो सीट आएगी और जिस प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा, दोनों पार्टियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उसे पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ाएंगे। स्थानीय स्तर पर गठबंधन की एकजुटता बनाए रखना प्राथमिकता होगी।

इसे भी पढ़ें:  ई-पंजीकरण व्यवस्था के विरोध में दस्तावेज लेखकों की कलमबंद हड़ताल

सपा राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा की दावेदारी पर भी सवाल,दो बार लड़ चुके चुनाव

मुजफ्फरनगर सदर सीट पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा को प्रमुख राजनीतिक चेहरों में गिना जा रहा है। वह इस विधानसभा सीट से पूर्व में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने नगर पालिका परिषद के चेयरमैन पद के चुनाव में अपनी पत्नी लवली शर्मा को समाजवादी पार्टी के टिकट पर मैदान में उतारा था। ऐसे में सदर सीट पर कांग्रेस की दावेदारी की चर्चा उनके आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यदि यह सीट कांग्रेस के खाते में जाती है तो राकेश शर्मा सहित सपा के स्थानीय नेताओं की चुनावी महत्वकांक्षाओं पर असर पड़ सकता है।

इसे भी पढ़ें:  संयुक्त वैश्य मोर्चा के बैनर तले हुआ वैश्य समाज का महाकुंभ

2022 में रालोद संग गठबंधन सपा ने केवल चरथावल सीट पर उतारा था प्रत्याशी

मुजफ्फरनगर जिले की छह विधानसभा सीटों के पिछले चुनावी समीकरण भी गठबंधन की राजनीति को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन के तहत सपा ने जिले में केवल चरथावल विधानसभा सीट पर अपने चुनाव चिह्न पर प्रत्याशी उतारा था। शेष पांच सीटों पर रालोद के चुनाव चिह्न पर गठबंधन के प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में बुढ़ाना, मीरापुर, पुरकाजी और चरथावल विधानसभा सीटों पर गठबंधन को जीत मिली थी। बाद में खतौली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी सपा-रालोद गठबंधन ने भाजपा को हराकर यह सीट अपने कब्जे में कर ली थी। इस तरह से 2017 के विधानसभा चुनाव में जिले की सभी छह सीटें जीतने वाली भाजपा एक सीट पर सिमटकर रह गई थी। सपा और रालोद के पांच सीटों पर विधायक बने थे।

Share This Article