मुजफ्फरनगर में सड़क सुरक्षा अभियान में 36 बसों की जांच, पांच के चालान

डबल डेकर और डग्गामार बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, मोबाइल पर बात करते पकड़े गए पांच वाहन चालकों पर भी जुर्माना

मुजफ्फरनगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत सख्त प्रवर्तन अभियान चलाया। एआरटीओ चम्पा लाल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान अनधिकृत रूप से संचालित डबल डेकर और डग्गामार बसों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर पांच बसों के चालान काटते हुए 70 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

इसे भी पढ़ें:  सीएम योगी ने की मुजफ्फरनगर के रोजगार मेले की सराहना

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जिले में 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। अभियान के तीसरे दिन बुधवार को परिवहन विभाग की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुल 36 बसों का निरीक्षण किया गया। जांच में बसों के आवश्यक प्रपत्रों, परमिट और निर्धारित संचालन संबंधी नियमों का परीक्षण किया गया। अनियमितताएं मिलने पर पांच बसों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-आईपीएस सिद्धार्थ का भाजपा नेताओं से टकराव, हुआ हंगामा

अभियान के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई। ऐसे पांच वाहन चालकों के चालान काटे गए और उनके विरुद्ध कुल पांच हजार रुपये का प्रशमन शुल्क लगाया गया। कार्रवाई के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), सहारनपुर भी मौजूद रहे। एआरटीओ चम्पा लाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। विशेष रूप से अनधिकृत बस संचालन, निर्धारित मानकों की अनदेखी और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  मंसूरपुर में कमरे की दीवार और छत गिरी, महिला की मौत, पति अस्पताल पहुंचा
Share This Article