प्रयागराज के मुंडेरा मंडी में मेजा विधानसभा क्षेत्र के कमरे में चुनावी प्रपत्रों के साथ एक कुत्ते के बंद होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अमर उजाला में छपी खबर को पोस्ट करते हुए लिखा कि हाई सिक्योरिटी का ये हाल है, बाकी का क्या कहना? ध्यान से दिखवा लें कहीं किसी बदनीयत से कोई आदमी तो अंदर नहीं है। उनकी यह पोस्ट सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बनी है। सपा मुखिया की पोस्ट के बाद तमाम सपा नेता कलक्ट्रेट पहुंच गए। इस दौरान वहां मुख्य राजस्व अधिकारी से मिलकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को इन्वर्टर से जोड़ने की मांग की। सपा नेताओं ने कहा कि गर्मी के मौसम में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से सीसीटीवी कैमरे भी बंद हो जाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि इनको इन्वर्टर से जोड़ा जाए, ताकि लाइट जाती है तब भी ये बंद न हों। वहां जनरेटर की व्यवस्था हो। कहा गया कि रविवार को भी विद्युत आपूर्ति कुछ देर के लिए ठप हुई थी। सपाइयों ने कहा कि जिस स्थान पर ईवीएम रखी हैं, वहां रोशनी के पर्याप्त इंतजाम हो।

खतौली में 2 दिन से पानी बंद, एक लीकेज ने पूरे नगर को प्यासा किया
भीषण गर्मी के बीच खतौली नगर पिछले दो दिनों से जल संकट से जूझ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों के घरों में नल सूखे पड़े हैं और रोजमर्रा के काम तक प्रभावित हो गए हैं। नगर के होली चौक क्षेत्र में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद पूरे शहर की जलापूर्ति ठप होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक हिस्से में लीकेज होने की वजह से पूरे नगर की सप्लाई बंद कर देना व्यवस्था की सबसे बड़ी कमजोरी बनकर सामने आया है। इसी मुद्दे को लेकर वार्ड संख्या-4 के पूर्व सभासद डॉ. मोहम्मद अथर ने सहारनपुर मंडलायुक्त को पत्र भेजा है।





