विदेश भेजने के नाम पर दो लाख की ठगी का आरोप, मां ने मांगी मदद

तीन साल से पासपोर्ट और रकम वापस न मिलने का आरोप, आरोपियों पर धमकी देने की भी शिकायत

मुजफ्फरनगर। कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में एक महिला ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और पासपोर्ट रोक लेने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िता का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला, जिसके बाद उसने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की गुहार लगाई।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में बड़ा छात्रवृत्ति घोटाला, 10 शिक्षण संस्थानों पर एफआईआर

छपार निवासी गुलशाना पत्नी सेहराज ने मंगलवार को जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि उसने अपने पुत्र को विदेश भेजने के लिए नौमान पुत्र अय्यूब और सुभान पुत्र अय्यूब निवासी अलीयारपुर, थाना मंसूरपुर को करीब तीन वर्ष पहले दो लाख 20 हजार रुपये तथा पुत्र का पासपोर्ट सौंपा था। आरोप है कि पूरी राशि ऑनलाइन माध्यम से दी गई, जिसके लेन-देन के दस्तावेज उसके पास मौजूद हैं।

इसे भी पढ़ें:  शिकायतों के निस्तारण में मुजफ्फरनगर पुलिस नम्बर वन

पीड़िता का आरोप है कि न तो उसके पुत्र को विदेश भेजा गया और न ही पासपोर्ट एवं रकम वापस की गई। उसने बताया कि वह कई बार आरोपियों के घर गई, लेकिन हर बार टालमटोल की गई। हाल ही में पासपोर्ट और रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। गुलशाना ने जिलाधिकारी से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराते हुए उसकी रकम और पुत्र का पासपोर्ट वापस दिलाने की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  PALIKA-स्वच्छ भारत मिशन की बैठक में शहरी सफाई पर किया मंथन
Share This Article