राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति ने की डीएम को ज्ञापन सौंपकर जांच और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति से जुड़े युवकों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पर अनियमितता, भ्रष्टाचार, शिक्षकों के उत्पीड़न तथा शासनादेशों की अवहेलना के गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी के नाम से युवकों द्वारा दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षकों और कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसकी जांच मुख्य विकास अधिकारी स्तर से कर शासन को भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में विकास त्यागी को कथित रूप से नियमों के विपरीत सेवा से हटाने, उच्च अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी करने, वेतन रोकने तथा विभागीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मिड-डे मील सेल से जुड़े मामलों में बिना सक्षम अनुमति के कार्रवाई की गई तथा अन्य शिकायतों की जांच रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बावजूद संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई। समिति ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों के स्थानांतरण और वेतन भुगतान में भी नियमों की अनदेखी की गई है। समिति ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई कराने की मांग की।






