मुजफ्फरनगर-रुड़की रोड पर बीच सड़क मारपीट, वीडियो वायरल

स्कूटी की टक्कर के बाद विवाद बढ़ने की चर्चा, पुलिस वीडियो के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में जिला अस्पताल के सामने रुड़की रोड पर शनिवार शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते और उसे सड़क पर दौड़ाकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें:  मुरादाबाद में नाबालिग छात्रा से जबरन बुर्का पहनवाने का आरोप, 5 छात्राओं पर FIR

बताया जा रहा है कि स्कूटी की टक्कर लगने के बाद दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट में घायल व्यक्ति की हालत बिगड़ने पर उसे भोपा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, घटना के संबंध में अभी किसी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।

एएसपी एवं सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे जिला अस्पताल के सामने रुड़की रोड पर दो पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को जांच का आधार बनाकर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने अथवा जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

इसे भी पढ़ें:  बाबुल से बगावतः पिता ने तोड़ी सगाई, बेटी ने मंगेतर संग मंदिर में शादी रचाई
Share This Article