दूधली में गोगा म्हाड़ी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने की पूजा

मंत्री अनिल कुमार, मंत्री कपिल देव के साथ ही पूर्व मंत्रियों डॉ. संजीव बालियान और सुरेश राणा सहित भारी संख्या में पहुंचे भक्त
मंत्री कपिल देव ने गोगा म्हाड़ी पर अपने हाथों से लगाई झाड़ू, कहा-सैकड़ों वर्षों से आस्था और लोकविश्वास का केंद्र है दूधली

मुज़फ्फरनगर। दूधली स्थित ऐतिहासिक गोगा म्हाड़ी पर आस्था और लोकविश्वास का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गोगा म्हाड़ी पर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंत्री अनिल कुमार और मंत्री कपिल देव के साथ पूर्व मंत्री डॉ. संजीव बालियान, सुरेश राणा, ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी का स्वागत किया। मंत्री कपिल देव ने स्वयं गोगा म्हाड़ी परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दूधली की गोगा म्हाड़ी सैकड़ों वर्षों से आस्था, परंपरा और लोकविश्वास का प्रमुख केंद्र रही है।

चरथावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दूधली में स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन जाहरवीर गोगा म्हाड़ी पर आज से तीन दिवसीय विशाल मेले का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने जाहरवीर गोगा जी की म्हाड़ी पर विधिवत दर्शन एवं पूजन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। मेले के शुभारंभ के अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जयकारों और श्रद्धा के वातावरण के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने जाहरवीर गोगा जी की म्हाड़ी पर दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।

इसे भी पढ़ें:  3 दिन से लापता बादल तोमर का कोई सुराग नहीं, CCTV खंगाल रही पुलिस

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि दूधली की ऐतिहासिक गोगा म्हाड़ी केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध लोकपरंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। सैकड़ों वर्षों से चली आ रही इस मेले की परंपरा आज भी उसी श्रद्धा और विश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। ऐसे आयोजन हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जाहरवीर गोगा जी के प्रति श्रद्धा और विश्वास केवल मुज़फ्फरनगर तक सीमित नहीं है।

इसे भी पढ़ें:  बारिश में भी जनसेवा में जुटे विधायक मदन भैया, गांव-गांव जाकर सुनीं लोगों की समस्याएं

इस ऐतिहासिक मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान सहित कई राज्यों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। श्रद्धालु गोगा म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं तथा परिवार एवं समाज के सुख-शांति की कामना करते हैं। इस अवसर पर सदस्य महिला आयोग सपना कश्यप, बिरालसी मंडल अध्यक्ष प्रवीण राणा, चरथावल मंडल अध्यक्ष भोपाल सिंह, जिला मंत्री सुरेंद्र कश्यप, सुभाष चौहान, श्री रामभूल पुंडीर, ग्राम प्रधान शोभित पुंडीर, बिरजपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, दिवाकर सोलंकी, मुकेश सोम, प्रतीक शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

करीब पांच सौ वर्ष पुराना है गोगा म्हाड़ी का इतिहास

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम दूधली स्थित गोगा म्हाड़ी का इतिहास करीब पांच सौ वर्ष पुराना है। इससे जुड़ी लोकमान्यता और जनश्रुति आज भी क्षेत्र में श्रद्धा के साथ सुनाई जाती है। बताया जाता है कि दूधली के मजरे आलमगीरपुर निवासी एक किसान की मनोकामना पूर्ण होने पर उसने अपने घोड़े के नीले रंग के बछेरे को जाहरवीर गोगा जी को अर्पित करने का संकल्प लिया। किसान अपने संकल्प को पूरा करने के लिए उस बछेरे को लेकर पैदल ही राजस्थान स्थित बागड़ धाम तक गया और वहां उसे जाहरवीर गोगा जी को अर्पित किया। इसी लोकआस्था और मान्यता से जुड़ी परंपरा के कारण दूधली की गोगा म्हाड़ी आज भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बनी हुई है। प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला यह मेला आसपास के क्षेत्र के साथ-साथ दूर-दराज के राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को भी अपनी ओर आकर्षित करता है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर बार संघ चुनाव 2026: प्रमोद त्यागी की 10वीं जीत, सुरेंद्र मलिक बने महासचिव
Share This Article