जहीर का खिदमती जौहरः सरकारी स्कूल में आधुनिक शिक्षा की नई पहल

नगर पंचायत पुरकाजी चेयरमैन जहीर फारूकी ने प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 में तीन नए कक्ष, बरामदा और स्मार्ट एलईडी बोर्ड किए समर्पित

मुजफ्फरनगर। नगर पंचायत पुरकाजी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 में नवनिर्मित तीन कक्षों और बरामदे का उद्घाटन किया गया। नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारूकी ने फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विद्यालय को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त दो स्मार्ट क्लास भी जनता को समर्पित की गईं, जिनमें 85 इंच की हिक्विजन कंपनी की स्मार्ट एलईडी बोर्ड और आधुनिक फर्नीचर की व्यवस्था की गई है।

इसे भी पढ़ें:  सर्द रात में अर्धनग्न प्रदर्शन के बाद जगा प्रशासन, कूड़े भरे तीन ट्रक जब्त

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में चेयरमैन ने कहा कि सरकारी विद्यालयों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उनका उद्देश्य नगर के बच्चों को निजी विद्यालयों जैसी उच्च स्तरीय सुविधाएं सरकारी स्कूलों में उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें। बताया गया कि विद्यालय में लंबे समय से कक्षों की कमी के कारण बच्चों को भीड़भाड़ में पढ़ाई करनी पड़ रही थी। नए कमरों और बरामदे के निर्माण से छात्रों और शिक्षकों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी। दो कमरों को स्मार्ट क्लास के रूप में विकसित किया गया है, जहां डिजिटल माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्तर की स्मार्ट क्लास सुविधा क्षेत्र के कई निजी विद्यालयों में भी उपलब्ध नहीं है।

इसे भी पढ़ें:  इंजीनियर को डिजीटल अरेस्ट कर 33 लाख की ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन जहीर फारूकी ने विद्यालय स्टाफ और प्रधानाध्यापक से बच्चों में अनुशासन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को प्रेरित किया जाए कि बच्चे नियमित रूप से साफ-सुथरे और अनुशासित होकर विद्यालय आएं। नगर पंचायत शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग देने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जल्द ही विद्यालय की सभी कक्षाओं में सुरक्षा और निगरानी के लिए कैमरे लगाए जाएंगे। उनका कहना था कि शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाना और हर घर तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि नगर पंचायत की इसी कार्यशैली के कारण पुरकाजी का राजकीय इंटर कॉलेज जिले के अग्रणी विद्यालयों में शामिल हो चुका है। उद्घाटन समारोह में शाह आलम गौड़, इस्तखार, मुकर्रम फरीदी, महराज खान, सद्दाम फरीदी सहित कई गणमान्य लोग और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

इसे भी पढ़ें:  लोकतंत्र की आवाज़ को दबा रही है भाजपा सरकारः हरेंद्र मलिक
Share This Article