भाकियू नेता के गांव में बेखौफ चोरों का आतंक, दो मकानों में चोरी

रोनी हरजीपुर में देर रात घरों में घुसे अज्ञात चोर, नकदी, सोने-चांदी के जेवरात व बाइक ले गए, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर में देर रात अज्ञात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ितों ने पुलिस को मामले की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर देर रात रोनी हरजीपुर गांव में दो मकानों में घुस गए। चोरों ने घरों में रखी नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों के मुताबिक, चोरी हुए सामान में लाखों रुपये की नकदी, सोने के कुंडल सहित अन्य जेवरात और एक मोटरसाइकिल शामिल है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के दौरान जल्दबाजी में चोर एक मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़ गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, चोरी की गई संपत्ति की कुल कीमत का स्पष्ट आकलन अभी सामने नहीं आया है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।

पीड़ित शोएब पशु व्यापार का कार्य करते हैं, जबकि दूसरे पीड़ित तिलकराम हलवाई का काम करते हैं। दोनों परिवारों में चोरी की घटना के बाद चिंता और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर भारतीय किसान यूनियन एनसीआर के अध्यक्ष विकास शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई और पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में एसआईआरः छह दिन शेष-50 प्रतिशत काम अभी बाकी
Share This Article