कांवड़ मार्ग पर हूटर बजाकर तेज रफ्तार कार दौड़ाने वाला चालक गिरफ्तार

पुलिसकर्मियों से अभद्रता और आरोपी को छुड़ाने के प्रयास का भी आरोप, ब्रेजा कार सीज, पुलिस ने कार्रवाई का वीडियो किया वायरल

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्ग पर नियमों की अनदेखी कर तेज रफ्तार में कार दौड़ाना एक युवक को भारी पड़ गया। बुुढ़ाना-कांधला-बड़ौत मार्ग पर शुक्रवार देर रात हूटर और सायरन बजाते हुए तेज रफ्तार से ब्रेजा कार चलाने के आरोप में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार को सीज कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। पुलिस ने घटना के दौरान हूटर बजाते हुए कार चलाने का वीडियो भी वायरल किया है।

इसे भी पढ़ें:  गन्ना उत्पादन में गिरावट से किसानों पर आर्थिक संकट, 3200 करोड़ के नुकसान का दावा

जानकारी के अनुसार, कांवड़ यात्रा को देखते हुए बुुढ़ाना-कांधला-बड़ौत मार्ग पर पुलिस की तैनाती की गई है। शुक्रवार देर रात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक ब्रेजा कार को हूटर और सायरन बजाते हुए तेज गति से गुजरते देखा। पुलिस के मुताबिक, कार चालक कथित रूप से नशे की हालत में था और उसकी तेज रफ्तार के कारण कांवड़ मार्ग पर अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी। भोले की वेशभूषा में ड्यूटी कर रहे दो पुलिसकर्मियों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक कार लेकर मौके से निकल गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कोतवाली मोड़ के पास कार को रोक लिया। पुलिस ने चालक की पहचान शादाब राणा पुत्र सलीम राणा निवासी बुुढ़ाना के रूप में की और उसे हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।

इसे भी पढ़ें:  VIJAY KA SATYAGRAH-दुनिया के सबसे लंबे धरने के 28 साल पूरे

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ लोग स्वयं को पत्रकार बताते हुए मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और आरोपी चालक को छुड़ाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिसकर्मियों ने किसी दबाव में आए बिना आरोपी को हिरासत में लिया और कार को कब्जे में लेकर बुुढ़ाना कोतवाली पहुंचाया। पुलिस ने ब्रेजा कार को सीज कर दिया। आरोपी के खिलाफ हूटर का अनधिकृत इस्तेमाल, तेज रफ्तार में वाहन चलाने और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी का नशा उतरने पर उसने हाथ जोड़कर अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी। पुलिस ने घटना से संबंधित वीडियो जारी करते हुए लोगों को कांवड़ मार्ग पर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर बना नम्बर वन-रक्तदान में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 41 संस्था सम्मानित
Share This Article